February 12, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

सुकमा में रजत जयंती शिक्षक सम्मान समारोह संपन्न – उत्कृष्ट शिक्षकों को मिला मुख्यमंत्री शिक्षा गौरव अलंकरण

सुकमा/दंतेवाड़ा, 05 सितंबर 2025।
 त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ****/     जिला मुख्यालय सुकमा में शिक्षक दिवस एवं रजत जयंती समारोह के अवसर पर शुक्रवार को शबरी ऑडिटोरियम, एजुकेशन सिटी, कुम्हाररास में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर जिले के चयनित शिक्षकों को मुख्यमंत्री शिक्षा गौरव अलंकरण 2025, शिक्षादूत पुरस्कार तथा सेवानिवृत्त शिक्षकों को सम्मानित किया गया। सम्मान स्वरूप शिक्षकों को शॉल, श्रीफल और प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए।

 

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधायक दंतेवाड़ा श्री चैतराम अटामी ने सभी शिक्षकों को शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं दीं और कहा कि शिक्षा ही वह साधन है जो गरीबी, पिछड़ेपन और अज्ञानता को दूर कर समाज को प्रकाश की ओर ले जाती है। उन्होंने कहा कि सुकमा के बच्चे शिक्षा प्राप्त कर डॉक्टर्स, इंजीनियर और विभिन्न सेवाओं में चयनित होकर जिले और प्रदेश का नाम रोशन कर रहे हैं। उन्होंने शिक्षकों से अपने कर्तव्यों का निर्वहन पूरी निष्ठा और समर्पण से करने का आह्वान किया।
श्री अटामी ने कहा कि “शिक्षा रूपी दीपक जब प्रज्वलित होता है, तो एक घर ही नहीं, पूरे समाज को रोशन करता है।” उन्होंने शिक्षकों को विद्यार्थियों के साथ कठिन परिश्रम करने की सलाह दी ताकि वे परीक्षाओं में उत्कृष्ट परिणाम देकर जिले की पहचान और मजबूत कर सकें।
इस अवसर पर जनप्रतिनिधि श्री धनीराम बारसे ने भी शिक्षकों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उप राष्ट्रपति रहे भारत रत्न डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की जयंती पर हम सभी को शिक्षा के महत्व को आत्मसात करना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के नेतृत्व में सुकमा जिला शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति कर रहा है।

 

कार्यक्रम में राज्य महिला आयोग सदस्य सुश्री दीपिका सोरी, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री महेश कुंजाम, नगर पालिका अध्यक्ष श्री हुंगाराम मरकाम, जिला पंचायत सदस्य श्री हुंगाराम मरकाम, नगर पालिका उपाध्यक्ष श्रीमती रीना पेद्दी, जनपद पंचायत कोंटा अध्यक्ष श्रीमती कुसुमलता कवासी, श्री दिलीप पेद्दी सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन प्रधान अध्यापक श्री टी. श्रीनिवास वासु एवं श्रीमती टी.डी. दास ने किया। समारोह में मौजूद शिक्षकों और विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह और उमंग के साथ शिक्षक दिवस का महत्व आत्मसात किया।

More Stories

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.