February 12, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

अबूझमाड़ का कच्चापाल जलप्रपात बनेगा पर्यटन का नया केंद्र : मंत्री केदार कश्यप

नारायणपुर/दंतेवाड़ा।
 त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा राहुल ***/     छत्तीसगढ़ सरकार के कैबिनेट मंत्री एवं नारायणपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक केदार कश्यप ने अबूझमाड़ विकासखंड के प्रसिद्ध कच्चापाल जलप्रपात का दौरा किया। उन्होंने यहां के प्राकृतिक सौंदर्य की सराहना करते हुए कहा कि यह स्थल बस्तर संभाग में पर्यटन का एक नया आयाम जोड़ सकता है।

 

निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष नारायण मरकाम एवं नगर पालिका परिषद अध्यक्ष इंद्रप्रसाद बघेल सहित कई जनप्रतिनिधि मंत्री श्री कश्यप के साथ मौजूद रहे। सभी ने इस स्थल को पर्यटन की दृष्टि से विकसित किए जाने की आवश्यकता पर बल दिया।
मंत्री श्री कश्यप ने कहा कि अबूझमाड़ की धरती केवल प्रकृति की गोद ही नहीं, बल्कि अपार संभावनाओं की भूमि है। कच्चापाल जलप्रपात जैसे स्थलों का संरक्षण और विकास कर यहां के युवाओं के लिए रोजगार और पूरे क्षेत्र के लिए पहचान का नया द्वार खोला जा सकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जलप्रपात तक पहुंचने के लिए आवश्यक सड़क, आधारभूत ढांचा, पर्यटक सुविधाएं और सुरक्षा उपाय शीघ्र विकसित किए जाएं।
उन्होंने कहा कि बस्तर की पहचान केवल वनों और परंपराओं तक सीमित नहीं है, बल्कि प्राकृतिक पर्यटन, सांस्कृतिक धरोहर और सामुदायिक विकास में भी यह क्षेत्र अपनी विशिष्ट पहचान बना रहा है। कच्चापाल जलप्रपात जैसे स्थल न केवल प्राकृतिक शांति प्रदान करते हैं, बल्कि सामाजिक समृद्धि के भी साधन बन सकते हैं।
निरीक्षण के उपरांत मंत्री श्री कश्यप ने ग्रामीणों से मुलाकात की और उनकी समस्याओं को सुना। उन्होंने स्थानीय लोगों को आश्वस्त किया कि उनके मुद्दों का शीघ्र समाधान किया जाएगा। इस अवसर पर बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी, ग्रामीण एवं युवा उपस्थित रहे और पर्यटन विकास की इस पहल का स्वागत किया।

More Stories

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.