February 12, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

शिक्षक दिवस पर सरस्वती शिक्षा समिति का भव्य आचार्य अभिनंदन समारोह, मंत्री लखन लाल देवांगन और महापौर संजू देवी राजपूत ने बढ़ाया कार्यक्रम का गौरव

 

कोरबा, 05 सितंबर 2025।
 त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ****/    डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की जयंती के अवसर पर शिक्षक दिवस के शुभ दिन सरस्वती शिक्षा समिति कोरबा द्वारा सरस्वती शिशु मंदिर विद्यालय प्रांगण में आचार्य अभिनंदन समारोह का भव्य आयोजन किया गया। इस समारोह में क्षेत्र के सैकड़ों शिक्षक-शिक्षिकाओं, विद्यार्थियों और अभिभावकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राज्य के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री श्री लखन लाल देवांगन रहे, वहीं कोरबा नगर निगम की महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। दोनों जनप्रतिनिधियों की गरिमामयी उपस्थिति से समारोह का गौरव कई गुना बढ़ गया।

 

समारोह का शुभारंभ माँ सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। विद्यालय के बच्चों ने मनमोहक स्वागत गीत और देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दीं, जिनसे वातावरण भाव-विभोर हो उठा।
अपने संबोधन में मंत्री लखन लाल देवांगन ने कहा कि “शिक्षक समाज की रीढ़ होते हैं। वे केवल ज्ञान का संचार ही नहीं करते, बल्कि आने वाली पीढ़ी के चरित्र, संस्कार और राष्ट्र निर्माण की नींव रखते हैं।”

 

महापौर संजू देवी राजपूत ने अपने उद्बोधन में कहा कि “शिक्षक दिवस हमें यह याद दिलाता है कि आचार्य केवल अध्यापन तक सीमित नहीं हैं, बल्कि विद्यार्थियों के जीवन निर्माण के पथप्रदर्शक भी हैं।” उन्होंने शिक्षा समिति द्वारा किए जा रहे प्रयासों की प्रशंसा की।
कार्यक्रम में सरस्वती शिक्षा समिति के पदाधिकारियों ने विशिष्ट अतिथियों का शाल, श्रीफल और प्रतीक चिन्ह भेंटकर सम्मान किया। इसी क्रम में विद्यालय के वरिष्ठ शिक्षकों को भी “आचार्य सम्मान” से अलंकृत किया गया।
समारोह का संचालन संयोजक मंडल के सदस्यों ने किया और धन्यवाद ज्ञापन संस्था के अध्यक्ष द्वारा प्रस्तुत किया गया।
इस अवसर पर नगर के गणमान्य नागरिक, जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता और अभिभावक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

More Stories

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.