कांग्रेस में सिर-फुटौव्वल: पीसीसी का नया नाम “प्रदेश चमचा कमेटी” – देवलाल ठाकुर का तंज 💥






त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ***/ रायपुर, 4 सितम्बर 2025। कांग्रेस संगठन के अंदरूनी विवाद और जिला अध्यक्षों की बैठक में चले आरोप-प्रत्यारोप पर भारतीय जनता पार्टी ने तीखा प्रहार किया है। भाजपा प्रदेश प्रवक्ता श्री देवलाल ठाकुर ने कांग्रेस पर कटाक्ष करते हुए कहा कि पार्टी में हालात इतने बिगड़ चुके हैं कि पीसीसी अब “प्रदेश कांग्रेस कमेटी” नहीं, बल्कि “प्रदेश चमचा कमेटी” बनकर रह गई है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस में आपसी सिर-फुटौव्वल की स्थिति पैदा हो गई है। नेता प्रतिपक्ष टी.एस. सिंहदेव महंत को तक यह कहना पड़ गया कि नेता अपने-अपने चमचों को संभालकर रखें। इससे साफ है कि कांग्रेस संगठनात्मक रूप से पूरी तरह बिखर चुका है और कार्यकर्ताओं की स्थिति अपमानजनक हो चुकी है।
श्री ठाकुर ने कहा कि –
“कांग्रेस में कार्यकर्ताओं की राजनीतिक हैसियत इतनी रह गई है कि कभी पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल उन्हें स्लीपर सेल बताते हैं, कभी प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज उन्हें सत्ता-सुखभोगी कहकर नीचा दिखाते हैं, और अब नेता प्रतिपक्ष महंत ने उन्हें चमचा बता दिया है। यह कांग्रेस की राजनीतिक फितरत को उजागर करता है।”
भाजपा प्रवक्ता ने आरोप लगाया कि कांग्रेस में अब गुटबाजी ने नया रूप ले लिया है। पीसीसी (प्रदेश कांग्रेस कमेटी) बनाम बीसीसी (भूपेश कांग्रेस कमेटी) की लड़ाई पहले से जारी थी, लेकिन अब इसमें “बाबा कांग्रेस कमेटी” और “प्रदेश चमचा कमेटी” की भी एंट्री हो चुकी है। कांग्रेस का यह गुटीय घमासान एक राजनीतिक आपदा बन चुका है, जिसका समाधान कांग्रेस के नेताओं के पास भी नहीं है।
श्री ठाकुर ने तंज कसते हुए कहा कि जिस पार्टी के नेता ही आपस में लड़ने-भिड़ने में व्यस्त हों, वह प्रदेश और जनता की भलाई क्या करेगी? यही कारण है कि कांग्रेस लगातार जनता के भरोसे से दूर होती जा रही है और संगठन हर स्तर पर कमजोर साबित हो रहा है।





