जनपद उपाध्यक्ष मनोज झा ने खुद उठाया झाड़ू, बच्चों को दिया संदेश – “विद्यालय आपका मंदिर है”
1 min read



त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ****/ बरपाली। हायर सेकेंडरी स्कूल बरपाली में गुरुवार को आयोजित शपथ ग्रहण और वृक्षारोपण कार्यक्रम के दौरान एक प्रेरणादायी दृश्य देखने को मिला। जनपद उपाध्यक्ष मनोज झा जब कार्यक्रम में शामिल होने विद्यालय पहुँचे और परिसर का निरीक्षण किया, तो उन्होंने देखा कि बच्चों द्वारा जगह-जगह कचरा और गंदगी फैलाई गई है।
स्थिति देखते ही उन्होंने बिना किसी औपचारिकता के खुद झाड़ू उठाया और सफाई शुरू कर दी। यह देखकर वहां मौजूद जनप्रतिनिधि, शाला प्रबंधन समिति के सदस्य और विद्यालय स्टाफ भी तुरंत उनके साथ जुड़ गए। देखते ही देखते पूरा विद्यालय परिसर स्वच्छ और चमकदार हो गया।
बच्चों को मिला अनमोल संदेश
सफाई के बाद बच्चों को संबोधित करते हुए मनोज झा ने कहा—

“विद्यालय आपका मंदिर है। इसकी स्वच्छता और देखभाल करना आप सभी की जिम्मेदारी है। जब हम सब मिलकर विद्यालय को साफ-सुथरा रखेंगे और नियमों का पालन करेंगे, तभी हमारा विद्यालय सर्वश्रेष्ठ बन पाएगा।”
उन्होंने बच्चों से यह भी कहा कि स्वच्छता सिर्फ विद्यालय की नहीं बल्कि जीवन के हर क्षेत्र की जिम्मेदारी है। यदि छात्र इस आदत को अपनाएंगे तो वे न केवल अपना बल्कि पूरे समाज का भविष्य उज्ज्वल बनाएंगे।
प्राचार्य ने की पहल की सराहना
विद्यालय के प्राचार्य राकेश कुमार राठौर ने जनपद उपाध्यक्ष के इस कदम को अनुकरणीय बताया। उन्होंने कहा कि “बच्चे उपदेशों से नहीं, बल्कि उदाहरणों से सीखते हैं। मनोज झा जी का यह कदम बच्चों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगा।”
गणमान्य भी रहे साथ
इस अवसर पर शाला प्रबंधन समिति अध्यक्ष विजय पाण्डेय, सदस्य प्रवीण उपाध्याय, राकेश यादव सहित अनेक गणमान्यजन मौजूद रहे। सभी ने माना कि यह अनूठी पहल बच्चों के मन में स्वच्छता के प्रति गहरी छाप छोड़ेगी।







