February 14, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

कांग्रेस कर रही चरित्र हनन की राजनीति : भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष राहुल योगराज टिकरिहा

 

त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ****/  रायपुर। भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष राहुल योगराज टिकरिहा ने कांग्रेस पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि अब कांग्रेस चरित्र हनन की राजनीति पर उतर आई है। उन्होंने सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे उस पत्र को कांग्रेस की सुनियोजित साजिश बताया है, जिसमें उन पर गम्भीर आरोप लगाए गए हैं। टिकरिहा ने कहा कि कांग्रेस द्वारा पहले धमकियाँ दी गईं, अपशब्दों का प्रयोग किया गया और अब चरित्र हनन की कोशिशें की जा रही हैं। इस मामले में वह चुप नहीं बैठेंगे और हर स्तर पर कानूनी लड़ाई लड़ेंगे।

2022 से जुड़ा पुराना मामला, कोर्ट से क्लीन चिट

एकात्म परिसर स्थित भाजपा कार्यालय में मंगलवार को पत्रकार वार्ता में टिकरिहा ने स्पष्ट किया कि यह विषय अप्रैल 2022 का है। बेरला थाना चौकी में दर्ज एफआईआर में उनका कहीं भी नाम नहीं है। विपक्ष में रहते हुए उन्होंने कांग्रेस सरकार और तत्कालीन विधायक का मुखर विरोध किया, जिसके चलते उनके खिलाफ 14 एफआईआर दर्ज कराई गईं और पाँच बार जेल भेजा गया। इसी दौरान राजनीतिक षड्यंत्र के तहत उनका नाम बदनाम करने का प्रयास किया गया। उन्होंने कहा कि जिस व्यक्ति को उनका रिश्तेदार बताकर यह मामला फैलाया जा रहा है, उसका उनसे कोई पारिवारिक रिश्ता नहीं है।

टिकरिहा ने बताया कि कोर्ट ने इस मामले में स्पष्ट कहा कि उनके किसी महिला के साथ कोई संबंध नहीं है और उन्हें पक्षकार तक नहीं माना। इसके बाद भी कांग्रेस द्वारा फर्जी लेटर बनाकर दुष्प्रचार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह सरासर राजनीतिक षड्यंत्र है, क्योंकि संबंधित महिला ने स्वयं एफआईआर में स्पष्ट किया था कि उनके पारिवारिक मामले का राजनीतिकरण कर बदनाम करने की कोशिश की जा रही है।

भाजपा प्रवक्ता चिमनानी का तीखा प्रहार

प्रदेश भाजपा प्रवक्ता अमित चिमनानी ने कांग्रेस पर तीखे सवाल दागते हुए कहा कि सत्ता खोने के बाद कांग्रेस अब निम्न स्तर की राजनीति पर उतर आई है। उन्होंने कहा कि राहुल टिकरिहा पर लगाए गए आरोप न केवल निराधार हैं, बल्कि इससे छत्तीसगढ़ की एक बेटी का भी चरित्र हनन हो रहा है। कांग्रेस ने एक ऐसे मामले को फिर से उछालकर राजनीतिक रोटियां सेंकने की कोशिश की है, जिस पर दो-तीन साल पहले ही न्यायालय का फैसला आ चुका है।

चिमनानी ने कांग्रेस पर सवाल उठाते हुए कहा कि क्या राजनीति करने के लिए कांग्रेस अब मातृ-शक्ति और बेटियों की भी प्रतिष्ठा से खिलवाड़ करेगी? उन्होंने कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज और अन्य नेताओं से पूछा कि क्या उन्हें इस बात का अहसास नहीं कि इस तरह के आरोप एक महिला के स्वाभिमान को चोट पहुँचा रहे हैं?

भाजपा का रुख

पत्रकार वार्ता में प्रदेश प्रवक्ता डॉ. विजयशंकर मिश्रा, भाजपा विधि प्रकोष्ठ प्रदेश संयोजक जे.पी. चन्द्रवंशी और रायपुर शहर जिला भाजपा अध्यक्ष रमेश सिंह ठाकुर उपस्थित रहे। भाजपा नेताओं ने एक स्वर में कहा कि कांग्रेस की यह साजिश जनता समझ चुकी है और छत्तीसगढ़ की जनता कांग्रेस को कभी माफ नहीं करेगी।

More Stories

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.