प्रधानमंत्री और उनकी माताजी के अपमान के विरोध में भाजपा महिला मोर्चा का कांग्रेस कार्यालय घेराव – विभा अवस्थी ने दी चेतावनी, कहा मातृ-शक्ति का अपमान कांग्रेस की पहचान बन गया है


त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ****/ रायपुर। भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष श्रीमती विभा अवस्थी ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनकी स्वर्गीय माताजी के प्रति कांग्रेस और आरजेडी नेताओं द्वारा अभद्र भाषा के प्रयोग के खिलाफ भाजपा महिला मोर्चा सड़क पर उतरेगा। उन्होंने घोषणा की कि आगामी 2 सितम्बर को रायपुर में विशाल रैली और प्रदर्शन कर कांग्रेस कार्यालय (राजीव भवन) का घेराव किया जाएगा।
सोमवार को एकात्म परिसर स्थित भाजपा कार्यालय में पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए श्रीमती अवस्थी ने बताया कि विरोध प्रदर्शन की शुरुआत बीटीआई मैदान (शंकर नगर) से होगी, जहाँ एक बड़ी आमसभा आयोजित की जाएगी। इसके बाद मातृ-शक्ति, महिला कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि और विभिन्न सामाजिक संगठनों से जुड़ीं बहनें रैली की शक्ल में आगे बढ़कर कांग्रेस कार्यालय का घेराव करेंगी। इस दौरान सभी महिलाएँ काली साड़ी, काला दुपट्टा या काले प्रतीक धारण कर अपनी नाराजगी और आक्रोश का प्रदर्शन करेंगी।
“140 करोड़ देशवासी नहीं करेंगे माफ”

प्रदेश अध्यक्ष विभा अवस्थी ने कहा कि गुजरात के मुख्यमंत्री काल से ही गांधी परिवार प्रधानमंत्री मोदी के खिलाफ नफरत की राजनीति करता आ रहा है, लेकिन अब तो कांग्रेस ने सारी मर्यादाएँ तोड़ दी हैं। उन्होंने कहा –
“बिहार के दरभंगा में जिस प्रकार प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी और उनकी दिवंगत माताजी के लिए कांग्रेस और आरजेडी नेताओं ने गालियों से भरी अभद्र भाषा का प्रयोग किया है, वह घोर निंदनीय है। यह केवल प्रधानमंत्री का नहीं, बल्कि इस देश की मातृ-शक्ति का अपमान है। एक माँ के इस अपमान को 140 करोड़ देशवासी कभी माफ नहीं करेंगे।”
श्रीमती अवस्थी ने कांग्रेस पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि महिला विरोधी चरित्र कांग्रेस की आदत बन चुकी है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस हमेशा से देश की मातृ-शक्ति का अपमान करती आई है और अब तो मातृ-शक्ति का अपमान कांग्रेस की पहचान बन गया है। लेकिन भाजपा महिला मोर्चा इसे कभी बर्दाश्त नहीं करेगा और हर स्तर पर इस अन्याय के खिलाफ आवाज उठाएगा।
महिला मोर्चा का संकल्प
उन्होंने कहा कि 2 सितम्बर का यह विरोध प्रदर्शन कांग्रेस को मातृ-शक्ति की ताकत का एहसास कराएगा। महिला मोर्चा यह स्पष्ट संदेश देगा कि देश की माँ, बहन और बेटियों के सम्मान से समझौता नहीं किया जाएगा।
कार्यक्रम में रही प्रमुख उपस्थिति
पत्रकार वार्ता के दौरान रायपुर (शहर) जिला भाजपा अध्यक्ष रमेश ठाकुर, महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष सीमा संतोष साहू, भाजपा प्रदेश प्रवक्ता डॉ. किरण बघेल, तथा महिला मोर्चा प्रदेश सोशल मीडिया प्रभारी कृतिका जैन उपस्थित रहीं।

