प्रधानमंत्री और उनकी माता पर टिप्पणी से देशभर में आक्रोश : भाजपा


रायपुर। बिहार के दरभंगा में आयोजित कांग्रेस और राजद की जनसभा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनकी स्वर्गीय माता जी को लेकर की गई अभद्र टिप्पणी और मंच से इस्तेमाल की गई अश्लील भाषा को लेकर भाजपा ने कड़ा विरोध दर्ज किया है। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष किरण देव ने प्रेस वार्ता में कहा कि विपक्ष का यह आचरण लोकतंत्र की मूल भावना और भारतीय संस्कृति दोनों के खिलाफ है।
प्रदेशाध्यक्ष किरण देव ने कहा कि —
“प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश के सर्वोच्च संवैधानिक पद पर आसीन हैं। उनके प्रति अभद्र और अमर्यादित भाषा का प्रयोग न केवल प्रधानमंत्री का अपमान है, बल्कि पूरे भारत का अपमान है। कांग्रेस और राजद के नेताओं ने जिस प्रकार मंच से गाली-गलौज कर मातृत्व का अपमान किया, उसने राजनीति की सारी सीमाएं तोड़ दीं। दुनिया के किसी भी लोकतांत्रिक देश में इस तरह विरोधियों के प्रति अशोभनीय भाषा का प्रयोग नहीं किया जाता, लेकिन भारत में विपक्षी दलों ने यह दुर्भाग्यपूर्ण परंपरा बना ली है।”
उन्होंने आगे कहा कि कांग्रेस लगातार अपनी भाषा की मर्यादा खोती जा रही है और अब मातृत्व का अपमान कांग्रेस की पहचान बन गया है। कांग्रेस और राजद के नेताओं द्वारा प्रयुक्त शब्दावली से यह स्पष्ट होता है कि जनता में लगातार हार और अस्वीकृति झेल रही विपक्षी पार्टियां बौखलाहट में अपना आपा खो बैठी हैं।
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी केवल भाजपा के नेता नहीं, बल्कि देश के 140 करोड़ नागरिकों की आकांक्षाओं और विश्वास के प्रतीक हैं। उनकी माता जी पर इस तरह की अभद्र टिप्पणी करना भारतीय संस्कृति और सामाजिक मूल्यों का अपमान है। उन्होंने कहा कि देश की जनता इस अपमान को कभी भूलने वाली नहीं है और आने वाले चुनावों में कांग्रेस और उसके सहयोगियों को करारा जवाब देगी।
प्रदेश भाजपा ने स्पष्ट किया कि प्रधानमंत्री और उनकी माता जी पर की गई अपमानजनक टिप्पणी का विरोध केवल पार्टी कार्यकर्ता ही नहीं, बल्कि आम जनता भी कर रही है। पूरे देश में कांग्रेस और राजद नेताओं की इस बयानबाजी की निंदा हो रही है और इसे राजनीति का पतन बताया जा रहा है।

