June 30, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

ग्राम बुंदेली में 30 अगस्त को सजेगा 11वां श्री श्याम अखाड़ा, भव्य डोम में उमड़ेगा भक्तिभाव

कोरबा। ग्राम बुंदेली में 30 अगस्त को आयोजित होने जा रहे 11वें श्री श्याम अखाड़ा को लेकर श्रद्धालुओं में भारी उत्साह का माहौल है। आयोजन समिति ने भक्तों की सुविधा और भक्ति-भावनाओं को ध्यान में रखते हुए 25 हजार स्क्वायर फीट क्षेत्र में विशाल भव्य डोम का निर्माण कराया है। इस विशालकाय डोम में लगभग 5 हजार श्रद्धालु एक साथ बैठकर भजन संध्या का आनंद उठा सकेंगे।

समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि बाबा श्री श्याम का अलौकिक दरबार विशेष रूप से सजाया जाएगा। मंच की भव्यता और आध्यात्मिक वातावरण भक्तों को एक अविस्मरणीय अनुभव प्रदान करेगा। श्रद्धालुओं की सुविधा हेतु पार्किंग, पेयजल, बैठने की व्यवस्था और सुरक्षा इंतजाम भी सुदृढ़ किए गए हैं।

भजन संध्या के दौरान बाबा श्याम के मधुर भजनों की गूंज से पूरा पंडाल भक्तिरस में डूब जाएगा। इस अवसर पर फूलों की होली भी खेली जाएगी, जो इस अखाड़े का विशेष आकर्षण रहेगी।

श्रद्धालुओं के लिए श्री श्याम रसोई की भी व्यवस्था की गई है, जहां सभी बिना किसी भेदभाव के प्रसाद ग्रहण कर सकेंगे। आयोजन समिति का मानना है कि यह अखाड़ा केवल धार्मिक आयोजन ही नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता और भाईचारे का संदेश देने वाला एक महान आध्यात्मिक संगम होगा।

स्थानीय ग्रामीणों के साथ-साथ दूर-दराज़ से आने वाले भक्त भी इस ऐतिहासिक आयोजन के साक्षी बनेंगे। अनुमान है कि हजारों की संख्या में श्रद्धालु ग्राम बुंदेली पहुंचकर बाबा श्याम के दरबार में नतमस्तक होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.