August 16, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

रायपुर की पूर्व विधायक रजनी ताई उपासने का निधन, राजनीतिक एवं सामाजिक जगत में शोक की लहर

रायपुर, 27 अगस्त।रायपुर शहर की पूर्व विधायक एवं प्रख्यात समाजसेवी श्रीमती रजनी ताई उपासने का आज शाम साढ़े छह बजे 94 वर्ष की आयु में वी वाय अस्पताल, रायपुर में निधन हो गया। उनके निधन से राजनीतिक और सामाजिक जगत में गहरा शोक व्याप्त है।

रजनी ताई का जन्म 28 अप्रैल 1933 को महाराष्ट्र के परतवाड़ा में हुआ था। उनका विवाह आकोट के श्री दत्तात्रेय प्रह्लाद उपासने से हुआ। उनके चार पुत्र हैं – जगदीश, सच्चिदानंद, गिरीश और हेमंत उपासने। प्रारंभ से ही वे भारतीय जनसंघ की कार्यकर्ता रहीं और उनका पूरा परिवार राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की गतिविधियों से जुड़ा रहा।

उन्होंने अन्याय और भ्रष्टाचार के विरुद्ध कई आंदोलन किए तथा आपातकाल के दौरान भूमिगत आंदोलन का सफल संचालन किया। उस समय उनके तीन पुत्र मीसा एक्ट के तहत जेल में बंद रहे। रजनी ताई ने जीवन में अनेक संघर्ष झेले, किंतु हर परिस्थिति में समाजहित और राष्ट्रहित को प्राथमिकता दी।

साल 1977 में जनता पार्टी की सरकार में वे रायपुर शहर से विधायक चुनी गईं। इसके अतिरिक्त वे समाज कल्याण बोर्ड की उपाध्यक्ष तथा विभिन्न संगठनों में प्रदेश से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक महत्वपूर्ण पदों पर रहीं। महिला मोर्चे की स्थापना और विस्तार में उनका योगदान उल्लेखनीय रहा।

रजनी ताई के कांग्रेस, भाजपा और अन्य दलों के अनेक नेताओं से आत्मीय संबंध रहे। अटल बिहारी वाजपेयी, लालकृष्ण आडवाणी, सुषमा स्वराज, राजमाता विजयाराजे सिंधिया, विद्या चरण शुक्ला, अर्जुन सिंह, सुंदरलाल पटवा, वीरेंद्र कुमार सकलेचा और कैलाश जोशी जैसे अनेक वरिष्ठ नेताओं से उनका गहरा जुड़ाव रहा। यही कारण था कि कोरोना काल में स्वयं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन्हें फोन पर कुशलक्षेम पूछते हुए आशीर्वाद प्राप्त किया था।

उनके निधन पर सांसद एवं भाजपा के मुख्य प्रवक्ता संतोष पाण्डेय ने गहरी संवेदनाएँ व्यक्त करते हुए कहा –
“रायपुर की पहली महिला विधायक एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता सच्चिदानंद उपासने जी तथा वरिष्ठ पत्रकार जगदीश उपासने जी की पूज्य माताजी श्रीमती रजनी ताई उपासने जी के निधन का समाचार अत्यंत दुःखद है। जनसेवा एवं समाजहित में उनका योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा। इस दुख की घड़ी में मेरी गहरी संवेदनाएँ उपासने परिवार के साथ हैं। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें एवं परिजनों को यह दुख सहने की शक्ति दें।”

रजनी ताई उपासने के निधन से छत्तीसगढ़ की राजनीति और समाजसेवा के क्षेत्र में अपूरणीय क्षति हुई है।

More Stories

1 min read

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

1 min read
Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.