कोरबा नगर निगम की समीक्षा बैठक में विकास को मिला नया रोडमैप, मंत्री लखनलाल देवांगन ने दिए सख्त निर्देश


त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा। जिला पंचायत भवन में सोमवार, 18 अगस्त 2025 को नगर पालिका निगम कोरबा की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता छत्तीसगढ़ शासन के वाणिज्य, उद्योग एवं श्रम मंत्री माननीय श्री लखनलाल देवांगन ने की। इस अवसर पर नगर निगम क्षेत्र की विकास योजनाओं, नागरिक सुविधाओं और भविष्य की कार्ययोजनाओं पर गहन चर्चा की गई।


बैठक में नगर निगम आयुक्त श्री आशुतोष पांडेय ने निगम द्वारा संचालित परियोजनाओं और अब तक की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की। रिपोर्ट पर चर्चा के दौरान मंत्री श्री देवांगन ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि आम जनता से जुड़े कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने कहा कि योजनाओं को समयबद्ध और पारदर्शी ढंग से पूर्ण करना आवश्यक है तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

कार्यक्रम में विशेष रूप से महापौर संजू देवी राजपूत भी मौजूद रहीं। इसके साथ ही कोहड़िया वार्ड के पार्षद श्री नरेन्द्र देवांगन, सचिव श्री नरेन्द्र पाटनवार, जिला उपाध्यक्ष श्री प्रफुल तिवारी, श्री दीपक यादव सहित निगम के अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित थे।

यह बैठक नगर निगम कोरबा की भविष्य की दिशा तय करने और शहर के विकास कार्यों को गति देने की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण सिद्ध हुई।

