March 18, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

“ऑपरेशन सिपाही रक्षासूत्र” से गूंजेगा छत्तीसगढ़: पूर्व सैनिक संगठन के अभियान को शासन व राष्ट्रवादी संगठनों का समर्थन, 21 लाख सैनिकों तक पहुंचेगा देशवासियों का प्रेम

📌 रायपुर।
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ****/  पूर्व सैनिक संगठन “सिपाही” (पूर्व सैनिक महासभा) द्वारा शुरू किया गया राष्ट्रभक्ति से परिपूर्ण अभियान “ऑपरेशन सिपाही रक्षासूत्र” इस वर्ष और भी व्यापक स्वरूप ले चुका है। छत्तीसगढ़ शासन की सहर्ष स्वीकृति के साथ ही अनेक राष्ट्रवादी संगठन इस अभियान में शामिल हो गए हैं। विगत दो वर्षों से जन समर्थन के साथ चल रहा यह अभियान इस बार भारतीय सेना के 21 लाख वीर सैनिकों तक “सिपाही रक्षासूत्र” पहुँचाने का संकल्प लेकर पूरे प्रदेश को गर्व की अनुभूति करा रहा है।

💬 महेंद्र प्रताप सिंह राणा का बयान
पूर्व सैनिक संगठन “सिपाही” एवं पूर्व सैनिक महासभा के अध्यक्ष महेंद्र प्रताप सिंह राणा ने बताया कि वर्ष 2023 में 6.71 लाख और वर्ष 2024 में 9 लाख “सिपाही रक्षासूत्र” सेना मुख्यालय तक नि:शुल्क पहुँचाकर छत्तीसगढ़ ने एक नया कीर्तिमान रचा। इस वर्ष “ऑपरेशन सिंदूर” के शौर्य स्थल आदमपुर (पंजाब) तक इस अभियान को ले जाने का लक्ष्य तय किया गया है। 26 जुलाई (कारगिल विजय दिवस) से 15 अगस्त (स्वतंत्रता दिवस) तक विजय पखवाड़े में यह कार्यक्रम भारतीय सेना के शौर्य को देशवासियों के समर्पण और प्रेम से जोड़ने का माध्यम बनेगा।

👥 कौन-कौन हुए शामिल?
इस अभियान में इस वर्ष पूर्व सैनिक महासभा के सभी 16 संगठन, “सिपाही शक्ति” (सैन्य मातृशक्ति), अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद, भाजपा सैन्य प्रकोष्ठ (छत्तीसगढ़), भाजपा महिला मोर्चा (छत्तीसगढ़), प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय, आर्य समाज, जय वंदेमातरम् (बिलासपुर), अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा वीरांगना, लायंस क्लब (छत्तीसगढ़), विभिन्न शैक्षणिक संस्थान और राष्ट्रवादी सामाजिक संगठन सक्रिय रूप से जुड़ गए हैं।

💬 भाजपा नेताओं का समर्थन
भाजपा प्रदेश महामंत्री एवं नान अध्यक्ष संजय श्रीवास्तव ने कहा कि यह अभियान छत्तीसगढ़ के राष्ट्रभक्तों को भारतीय सेना के साथ आत्मिक रूप से जोड़ता है और इससे प्रदेश का नाम राष्ट्रीय पटल पर ऊंचा होगा। भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष शालिनी राजपूत ने कहा कि पूर्व सैनिकों ने विगत वर्षों में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर छत्तीसगढ़ का गौरव बढ़ाया है, इस बार यह अभियान और अधिक व्यापक रूप से आयोजित किया जाएगा।

📦 रक्षासूत्र संकलन की प्रक्रिया
“सिपाही रक्षासूत्र” मिट्टी (तिलक हेतु), राखी (रक्षासूत्र) और एक पत्र के साथ किसी भी लिफाफे में बंद कर संकलन केंद्रों में जमा किया जाएगा। इसमें प्रेषक का नाम, पता और संपर्क नंबर भी लिखना होगा। प्रदेश के सभी स्कूल, कॉलेज, सामाजिक संगठन और संस्थान इसे 20 जुलाई तक चिह्नित संकलन केंद्रों पर पहुँचाएंगे।

🚩 यात्रा का मार्ग
यह अभियान 20 जुलाई को रायपुर से प्रारंभ होकर भिलाई, दुर्ग, राजनांदगांव, कवर्धा, बिलासपुर, कोरबा, अंबिकापुर होते हुए वाराणसी, प्रयागराज, रीवा, ग्वालियर, आगरा, मथुरा होते हुए 1 अगस्त को नई दिल्ली पहुँचेगा। इसके बाद सेना मुख्यालय से अनुमति प्राप्त कर “ऑपरेशन सिंदूर” के शौर्य स्थल आदमपुर (पंजाब) तक जाएगा।

📞 संपर्क विवरण
रक्षा सूत्र एकत्रीकरण के लिए पूर्व सैनिक संगठन “सिपाही”, पूर्व सैनिक महासभा के मोबाइल नंबर 7000790095 पर संपर्क किया जा सकता है।

More Stories

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.