कटघोरा के अग्रसेन भवन में गूंजा भाजपा प्रशिक्षण महाअभियान — वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में कार्यकर्ताओं को मिला संगठन मजबूती का मंत्र



पूर्व जिलाध्यक्ष पवन गर्ग और वरिष्ठ नेता हितानंद अग्रवाल ने दिए बूथ सशक्तिकरण, संगठन विस्तार और चुनावी रणनीति के महत्वपूर्ण टिप्स
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ***//** कटघोरा (कोरबा)। भारतीय जनता पार्टी के “पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान 2026” के अंतर्गत कटघोरा स्थित अग्रसेन भवन में आयोजित मंडल प्रशिक्षण वर्ग में उस समय विशेष ऊर्जा और उत्साह का माहौल बन गया, जब सत्र के अध्यक्ष के रूप में पूर्व जिलाध्यक्ष श्री पवन गर्ग जी एवं वरिष्ठ नेता, पूर्व नेता प्रतिपक्ष/MIC सदस्य श्री हितानंद अग्रवाल जी की गरिमामयी उपस्थिति रही।

प्रशिक्षण वर्ग में दोनों वरिष्ठ नेताओं ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए संगठन की मजबूती में बूथ स्तर की भूमिका को सबसे अहम बताया। उन्होंने कहा कि भाजपा की असली ताकत उसके समर्पित कार्यकर्ता हैं, जो बूथ स्तर पर दिन-रात मेहनत कर संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत बनाते हैं।
श्री पवन गर्ग जी ने अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में कहा कि प्रशिक्षण वर्ग केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि कार्यकर्ताओं के व्यक्तित्व और नेतृत्व क्षमता को विकसित करने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे संगठन के सिद्धांतों को आत्मसात करते हुए प्रत्येक बूथ को मजबूत बनाने का संकल्प लें।

वहीं श्री हितानंद अग्रवाल जी ने अपने संबोधन में संगठनात्मक अनुशासन, मतदाता संपर्क और लाभार्थी संवाद को चुनावी सफलता की कुंजी बताया। उन्होंने कहा कि आज के दौर में केवल विचार नहीं, बल्कि प्रभावी संवाद और सतत संपर्क ही संगठन को आगे बढ़ाता है। कार्यकर्ताओं को हर वर्ग, हर घर और हर मतदाता तक पहुंच बनानी होगी।
प्रशिक्षण के दौरान बूथ प्रबंधन, पन्ना प्रमुख व्यवस्था, मतदाता सूची के सूक्ष्म विश्लेषण, तथा युवा और नए मतदाताओं को जोड़ने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। कार्यकर्ताओं को जमीनी स्तर पर सक्रिय रहते हुए संगठन की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का मार्गदर्शन दिया गया।
कार्यक्रम में उपस्थित कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। सभी ने संकल्प लिया कि वे संगठन की रीति-नीति को जन-जन तक पहुंचाते हुए आगामी चुनावों में ऐतिहासिक सफलता दिलाने के लिए पूरी ताकत से जुटेंगे।
अग्रसेन भवन में आयोजित यह प्रशिक्षण वर्ग न केवल ज्ञानवर्धन का मंच बना, बल्कि संगठनात्मक ऊर्जा और एकजुटता का भी सशक्त उदाहरण प्रस्तुत करता नजर आया।


