July 1, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

कोरबा मेडिकल कॉलेज अस्पताल में सीनियर सिटीजन और माताओं के लिए फॉर्मेसी में अलग काउंटर, भीड़ से मिलेगी राहत

त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा।****/ कोरबा जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल में इलाज के लिए आने वाले मरीजों की संख्या दिन-ब-दिन बढ़ती जा रही है। ओपीडी में बढ़ती भीड़ के साथ ही अस्पताल की फॉर्मेसी में मुफ्त दवाओं के वितरण के दौरान मरीजों को लंबी कतारों का सामना करना पड़ रहा था। इस समस्या को देखते हुए अब अस्पताल प्रबंधन ने सीनियर सिटीजन और छोटे बच्चों को गोद में लेकर दवा लेने पहुंचने वाली माताओं के लिए अलग काउंटर की व्यवस्था की है।

अस्पताल के मेडिकल कॉलेज से संबद्ध होने के बाद यहां की सुविधाओं में लगातार वृद्धि हुई है। प्रतिदिन औसतन 800 मरीज इलाज के लिए पहुंच रहे हैं। ओपीडी में परामर्श के बाद लगभग सभी मरीजों को फॉर्मेसी से मुफ्त दवाएं दी जा रही हैं। सुबह से देर शाम तक मरीज फॉर्मेसी के सामने कतार लगाकर अपनी बारी का इंतजार करते हैं। विशेष रूप से ओपीडी के समय में यह भीड़ और अधिक बढ़ जाती है, जिससे मरीजों और उनके परिजनों को घंटों तक खड़े रहना पड़ता है।

सबसे ज्यादा दिक्कत सीनियर सिटीजन और गोद में बच्चों को लेकर आई महिलाओं को हो रही थी। उनके लिए घंटों कतार में खड़े रहना मुश्किल हो रहा था। इस स्थिति को देखते हुए अस्पताल प्रबंधन ने तत्काल निर्णय लेते हुए फॉर्मेसी में अलग काउंटर की व्यवस्था की है। जल्द ही अतिरिक्त स्टाफ की तैनाती कर पात्र मरीजों को इस काउंटर से प्राथमिकता के आधार पर दवाएं वितरित की जाएंगी।

मेडिकल कॉलेज के असिस्टेंट मेडिकल सुपरिंटेंडेंट डॉ. रविकांत जाटवर ने बताया कि, “ओपीडी और फॉर्मेसी में भीड़ कम करने के उद्देश्य से सीनियर सिटीजन व छोटे बच्चों को गोद में लेकर पहुंची माताओं के लिए अलग से काउंटर तैयार किया गया है। इससे उन्हें लंबा इंतजार नहीं करना पड़ेगा और समय पर दवाएं उपलब्ध कराई जा सकेंगी।”

इस पहल से मरीजों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। खासकर बुजुर्गों और माताओं के लिए यह कदम अस्पताल की सेवाओं को और अधिक मानवोचित और सुविधाजनक बनाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.