February 11, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

सावन में शिवभक्तों के लिए खुशखबरी: दुरुस्त हुआ सर्वमंगला बायपास नहर मार्ग, कनकेश्वर धाम जाने वाले श्रद्धालुओं को मिलेगी राहत

त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ****/ कोरबा। सावन मास के प्रारंभ होते ही कोरबा अंचल के शिवभक्तों के लिए बड़ी राहत की खबर आई है। सर्वमंगला बायपास नहर मार्ग, जो प्राचीन ऐतिहासिक कनकेश्वर धाम (कनकी) तक श्रद्धालुओं के लिए प्रमुख मार्ग है, अब सुचारु कर दिया गया है। बीते दिनों हुई मूसलाधार बारिश के कारण इस मार्ग पर रोड किनारे बसे बसाहट स्थल की मिट्‌टी बहकर सड़क पर आ गई थी। इससे मार्ग पर धूल-मिट्‌टी जमने लगी और आवाजाही में वाहन चालकों व पैदल श्रद्धालुओं को भारी परेशानी उठानी पड़ी।

इस समस्या को लेकर चंद्रनगर जटराज क्षेत्र के युवाओं ने आंदोलन की चेतावनी दी थी। चेतावनी के बाद जिला प्रशासन और संबंधित प्रबंधन हरकत में आया और आनन-फानन में सड़क पर जमा मिट्‌टी को हटवाया गया। अब बारिश थमने के साथ ही सड़क सूख गई है और उस पर उड़ने वाली धूल भी कम हो गई है। इससे न केवल वाहन चालकों को राहत मिली है, बल्कि सावन के पवित्र महीने में जलाभिषेक के लिए कनकेश्वर धाम तक पैदल और कावड़ यात्रा करने वाले श्रद्धालुओं के लिए भी रास्ता सुरक्षित और सुगम हो गया है।

गौरतलब है कि सर्वमंगला मंदिर से लगभग तीन किलोमीटर आगे एसईसीएल कुसमुंडा माइंस विस्तार के प्रभावितों के लिए चंद्रनगर जटराज क्षेत्र में बसाहट स्थल चिन्हित किया गया है। यह क्षेत्र पूर्व में कुसमुंडा खदान का डंपिंग एरिया रहा है, जिसकी मिट्टी को समतलीकरण के लिए काटा गया था। बारिश के दौरान यहीं से मिट्‌टी सड़क पर बह आई थी। अब वहां की स्थिति को सुधार दिया गया है।

कनकेश्वर धाम सावन मास में हजारों श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र बनता है। कोरबा सहित आसपास के जिलों से शिवभक्त जलाभिषेक के लिए यहां पहुंचते हैं। कावड़ यात्रा के लिए भी यही मार्ग मुख्य है। ऐसे में मार्ग के ठीक होने से श्रद्धालुओं में प्रसन्नता का माहौल है।

More Stories

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.