“वीर सावरकर के विचारों से प्रेरित होकर राष्ट्र सेवा में आगे आएं: मुख्यमंत्री श्री साय”



त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ****/ रायपुर, 29 मई – मुख्यमंत्री श्री साय ने वीर सावरकर की पुण्यतिथि के अवसर पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि वीर सावरकर का संपूर्ण जीवन मातृभूमि की सेवा और राष्ट्र के नवनिर्माण के लिए समर्पित था। उन्होंने कहा कि सावरकर जी न केवल स्वतंत्रता संग्राम के अग्रणी सेनानी थे, बल्कि एक समाज सुधारक, लेखक, इतिहासकार और दूरदर्शी राजनेता भी थे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वीर सावरकर ने सामाजिक कुरीतियों और रूढ़ियों के विरुद्ध साहसपूर्वक आवाज़ उठाई और आधुनिक भारत के निर्माण की आधारशिला रखी। उन्होंने जात-पात, छुआछूत और धार्मिक भेदभाव के खिलाफ संघर्ष किया और सामाजिक एकता को बल दिया।
सेल्युलर जेल में बिताए गए सावरकर जी के कठोरतम वर्षों को याद करते हुए मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि यह समयकाल उनके अदम्य साहस, राष्ट्रभक्ति और मानसिक दृढ़ता का प्रमाण है। उन्होंने अंडमान की उस काली कोठरी में भी राष्ट्र की सेवा के संकल्प को नहीं छोड़ा और वहाँ रहते हुए कई महत्त्वपूर्ण कृतियाँ भी रचीं।
मुख्यमंत्री श्री साय ने प्रदेशवासियों से आह्वान किया कि वे वीर सावरकर के जीवन से प्रेरणा लें और देशभक्ति, आत्मबलिदान व समर्पण के भाव को अपने जीवन में उतारें। उन्होंने कहा कि राष्ट्र सेवा को अपना परम कर्तव्य मानते हुए हर नागरिक को सावरकर जी के आदर्शों का अनुसरण करना चाहिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज जब भारत विकास के नए युग में प्रवेश कर रहा है, तब वीर सावरकर के विचार और उनके द्वारा दिखाया गया रास्ता देश को मजबूत करने में मार्गदर्शक सिद्ध हो सकते हैं।


