July 25, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

“राखड़ डंपिंग को लेकर गरमाया बांकीमोंगरा का माहौल – भाजपा व निर्दलीय पार्षदों का प्रशासनिक दफ्तरों में ज्ञापन, विरोध तेज”

1 min read

 


त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ****/  नगर पालिका परिषद बांकीमोंगरा में राखड़ डंपिंग को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। इस गंभीर मुद्दे को लेकर बांकीमोंगरा क्षेत्र के समस्त भाजपा व निर्दलीय पार्षदगण एवं जनप्रतिनिधियों का प्रतिनिधिमंडल कलेक्टर कार्यालय, अनुविभागीय अधिकारी (एसडीएम) कटघोरा एवं पुलिस अधीक्षक कार्यालय कोरबा पहुंचा। उन्होंने ज्ञापन सौंपते हुए राखड़ पाटने की प्रक्रिया पर तत्काल रोक लगाने की मांग की है।

ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि वर्तमान में विभिन्न स्थलों पर भारी वाहनों के माध्यम से बिना किसी अनुमति के राखड़ डंप किया जा रहा है, जिससे आम नागरिकों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। उड़ती राखड़ व धूल के कारण सांस, त्वचा व आंखों से जुड़ी समस्याएं उत्पन्न हो रही हैं। साथ ही भारी वाहनों की निरंतर आवाजाही से सड़कों की स्थिति बदतर हो रही है, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका बनी हुई है। इस विषय को लेकर जनप्रतिनिधियों ने प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की है।

 

भाजपा पार्षदों ने दी आंदोलन की चेतावनी
ज्ञापन देने पहुंचे भाजपा पार्षदों ने मिडिया से चर्चा में कहा कि यदि समय रहते इस समस्या का समाधान नहीं हुआ और राखड़ डंपिंग पर रोक नहीं लगाई गई, तो समस्त भाजपा, निर्दलीय पार्षद एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि व्यापक धरना-प्रदर्शन करने को बाध्य होंगे।

आरोप-प्रत्यारोप का दौर, विकास झा पर लगाए गंभीर आरोप
वहीं दूसरी ओर, इस मुद्दे ने नया मोड़ तब लिया जब राखड़ डंपिंग कार्य से जुड़े व्यक्ति दिनेश यादव ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय में एक अलग ज्ञापन सौंपा। दिनेश यादव ने भाजपा नेता विकास झा एवं उदय शर्मा पर गाली-गलौज, मारपीट और जेसीबी को आग लगाने की धमकी देने के गंभीर आरोप लगाए।

सभी आरोप निराधार, राजनैतिक साजिश” – विकास झा
इन आरोपों पर भाजपा नेता विकास झा ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि “हमने न तो किसी के साथ अभद्र व्यवहार किया और न ही किसी प्रकार की हिंसा या धमकी दी है। यह सब एक सुनियोजित राजनैतिक साजिश का हिस्सा है, जो हमें और मेरी पत्नी – नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती सोनी कुमारी झा को बदनाम करने के उद्देश्य से की जा रही है।”

विकास झा ने बताया कि दिनेश यादव बार-बार पालिका में राखड़ डंपिंग की अनुमति लेने पहुंचते हैं, परंतु अध्यक्ष महोदया द्वारा बिना आदेश के अनुमति नहीं दी गई। इसी बात को लेकर मनमुटाव हुआ और झूठे आरोप लगाए गए।

दूसरों के बहकावे में आकर आरोप लगा रहे हैं” – विकास झा
विकास झा ने कहा कि दिनेश यादव किसी और के इशारे पर ऐसा कर रहे हैं। यह एक गहरी साजिश है जिसमें राजनीतिक स्वार्थ जुड़े हो सकते हैं। उन्होंने मांग की कि इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर झूठे आरोप लगाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।

स्थिति गंभीर, प्रशासन की भूमिका अहम
फिलहाल यह विवाद नगर क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है। जहां एक ओर जनप्रतिनिधियों द्वारा पर्यावरण और जनस्वास्थ्य को लेकर चिंता जाहिर की जा रही है, वहीं दूसरी ओर राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप से माहौल और भी गरमाता जा रहा है। अब यह देखना अहम होगा कि प्रशासन इस पूरे मामले में किस प्रकार से कार्रवाई करता है और स्थिति को कैसे संभालता है।

 

More Stories

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.