कोरबा पावर प्लांट में श्रमिकों की सुरक्षा पर संकट, जनपद पंचायत ने जताई चिंता



त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा ****/ कोरबा (छत्तीसगढ़)। जनपद पंचायत कोरबा द्वारा कोरबा पावर लिमिटेड (अर्जुनी) के खिलाफ गंभीर आरोप लगाए गए हैं। जनपद पंचायत की अध्यक्ष श्रीमती चंद्रकांता कृष्णा राजपूत ने जिला प्रशासन और पुलिस अधीक्षक को पत्र लिखकर बताया कि पावर प्लांट में कार्यरत श्रमिकों एवं आम जनता की सुरक्षा को लेकर गंभीर लापरवाही की जा रही है।
पहले पत्र में जनपद पंचायत कोरबा ने उल्लेख किया है कि पावर प्लांट के कार्य क्षेत्र में कार्यरत कितनी कंपनियाँ हैं, इस बारे में कोई सूचना नहीं दी जा रही है। वहीं दूसरी ओर सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनज़र कई बार निवेदन करने के बावजूद भी पावर प्लांट प्रशासन द्वारा कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। इससे आम जनता एवं श्रमिकों की सुरक्षा पर खतरा मंडरा रहा है।

दूसरे पत्र में बताया गया है कि कुछ ही दिन पहले पावर प्लांट के एक श्रमिक संतोष साहू की मिट्टी धँसकने से मौत हो गई, लेकिन मृतक के परिजनों को कोई उचित मुआवजा नहीं दिया गया। इसके साथ ही मृतक के परिवार को प्लांट के बारे में जानकारी भी नहीं दी गई। जनपद पंचायत ने पुलिस अधीक्षक से मामले की निष्पक्ष जाँच की मांग की है।
पत्र में यह भी बताया गया कि प्लांट के सुरक्षा कर्मियों और बाहरी व्यक्तियों के माध्यम से श्रमिकों एवं कर्मचारियों को डराया-धमकाया जा रहा है। एक महिला कर्मचारी द्वारा यौन उत्पीड़न की शिकायत भी दर्ज कराई गई है।
जनपद पंचायत अध्यक्ष चंद्रकांता कृष्णा राजपूत ने जिला प्रशासन से मांग की है कि कोरबा पावर लिमिटेड में हो रही लापरवाही की गहन जांच कर उचित कार्रवाई की जाए ताकि श्रमिकों एवं आम जनता की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।


