पुलिस इलेवन बनी नवभारत ऊर्जा कप चैंपियन



फाइनल में बीके वेलफेयर को 9 विकेट से हराकर जीती चमचमाती ट्रॉफी
रोमांचक मुकाबले में जयंती की शानदार बल्लेबाजी, अंतिम ओवर में हुआ फैसला
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा। ****/ नवभारत ऊर्जा कप वुमेन प्रीमियर लीग टेनिस बॉल क्रिकेट प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले में पुलिस इलेवन ने शानदार प्रदर्शन करते हुए बीके वेलफेयर को 9 विकेट से हराकर चैंपियन का खिताब अपने नाम किया। दूधिया रोशनी के बीच खेले गए इस हाई-वोल्टेज मुकाबले में क्रिकेट प्रेमियों का भारी उत्साह देखने को मिला। हर गेंद पर बढ़ती धड़कनों और जोरदार शोर के बीच, यह मुकाबला अंतिम ओवर तक रोमांचक बना रहा।
बीके वेलफेयर ने बनाए 90 रन, मधु की आतिशी पारी
फाइनल मुकाबले में टॉस जीतकर पुलिस इलेवन की कप्तान ने पहले गेंदबाजी करने का निर्णय लिया। बीके वेलफेयर की ओर से शमा और स्नेहा बंजारे ने संभलकर पारी की शुरुआत की। शमा ने शानदार 24 रन बनाए, जिसमें 1 चौका और 1 छक्का शामिल था। स्नेहा बंजारे ने 17 रन का योगदान दिया। मधु ने तेजतर्रार बल्लेबाजी करते हुए 9 गेंदों में 3 छक्के और 1 चौके की मदद से 26 रन जोड़े। अंत में बीके वेलफेयर ने निर्धारित 10 ओवर में 3 विकेट के नुकसान पर 90 रन बनाए।
जयंती और नेहा की तूफानी पारियां, विजयी छक्का लगाकर चैंपियन बनी पुलिस इलेवन
91 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पुलिस इलेवन की ओपनिंग जोड़ी जयंती और नेहा जायसवाल ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए पहले विकेट के लिए 65 रन की साझेदारी की। जयंती ने नॉटआउट 42 रन बनाए, जिसमें 2 छक्के और 3 चौके शामिल थे। वहीं, नेहा जायसवाल ने 20 गेंदों में 3 छक्कों और 1 चौके की मदद से 31 रन बनाए। अर्चना ने नेहा को बोल्ड कर बीके वेलफेयर को पहली सफलता दिलाई। वनडाउन आई प्रतिभा ने 6 गेंदों में 10 रन बनाकर जयंती का बखूबी साथ दिया।
अंतिम 2 ओवर में पुलिस इलेवन को 14 रन की जरूरत थी। 9वें ओवर में बीके वेलफेयर की गेंदबाज आकांक्षा दबाव में आ गईं और एक वाइड गेंद बाउंड्री पार चली गई, जिससे पुलिस इलेवन को 5 बोनस रन मिल गए। अंतिम ओवर में सिर्फ 2 रन की जरूरत थी, जिसे जयंती ने शानदार छक्का लगाकर पूरा कर दिया और टीम को चैंपियन बना दिया।
पुरस्कार समारोह में अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया
फाइनल मुकाबले के समापन समारोह में केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। विजेता टीम पुलिस इलेवन को चमचमाती ट्रॉफी प्रदान की गई, जबकि उपविजेता बीके वेलफेयर को भी ट्रॉफी से सम्मानित किया गया। शानदार प्रदर्शन के लिए जयंती को ‘वुमेन ऑफ द मैच’ चुना गया, और उन्हें न्यू जेके ज्वेलर्स की ओर से चांदी का सिक्का भेंट किया गया।
समारोह में महापौर संजूदेवी राजपूत, बालको के कॉर्पोरेट हेड अवतार सिंह, भाजपा जिला अध्यक्ष मनोज शर्मा, पूर्व जिलाध्यक्ष डॉ. राजीव सिंह, पार्षद नरेंद्र देवांगन, बालको पीआरओ शुचि मिश्रा, ताइक्वांडो संघ के अनिल द्विवेदी सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
आईपीएल जैसी लगी प्रतियोगिता, महिला खिलाड़ियों ने किया शानदार प्रदर्शन
बालको के कॉर्पोरेट हेड अवतार सिंह ने कहा, “नवभारत ऊर्जा कप के मैच देखकर ऐसा लग रहा था जैसे आईपीएल मुकाबले चल रहे हों। महिला खिलाड़ियों ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन किया और यह साबित किया कि वे किसी से कम नहीं हैं।”
विशिष्ट अतिथि नरेंद्र देवांगन ने कहा, “नवभारत लगातार 9 वर्षों से महिला सशक्तिकरण के लिए काम कर रहा है। केवल कागजों और भाषणों में नहीं, बल्कि वास्तविक रूप से यह आयोजन महिला खिलाड़ियों के आत्मविश्वास और प्रतिभा को निखारने का एक मंच प्रदान कर रहा है।”
तोखन साहू बोले – “आप सबने जीता मन”
समापन समारोह के मुख्य अतिथि केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू ने कहा, “नवभारत ने शानदार ऊर्जा कप का आयोजन किया है। इस प्रतियोगिता ने महिलाओं को अपनी खेल प्रतिभा दिखाने का बेहतरीन अवसर दिया है। खेल से न सिर्फ शरीर स्वस्थ रहता है, बल्कि टीम भावना भी विकसित होती है। जो मैदान में उतरते हैं, वही असली खिलाड़ी होते हैं। नवभारत का यह प्रयास प्रशंसनीय है।”
नवभारत का महिला सशक्तिकरण की दिशा में सार्थक प्रयास
नवभारत के ब्रांच हेड नौशाद खान ने बताया कि यह ऊर्जा कप का 9वां संस्करण था, जिसमें 12 टीमों ने भाग लिया। अगले वर्ष इस प्रतियोगिता में 16 टीमों को मौका मिलेगा, जिससे अधिक महिला खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा।
इस ऐतिहासिक मुकाबले में अंपायरिंग तरुण गोस्वामी और वीर सिंह ने की, जबकि स्कोरिंग अभिषेक तिवारी और कमेंट्री भुवनेश्वर कश्यप व वेदप्रकाश ने संभाली। प्रतियोगिता के सफल आयोजन में तकनीकी टीम से शैलेष चौधरी और जीत सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
नवभारत ऊर्जा कप – महिला क्रिकेट का बड़ा मंच
नवभारत द्वारा आयोजित यह टूर्नामेंट न केवल एक खेल प्रतियोगिता है, बल्कि महिला खिलाड़ियों को प्रोत्साहन देने और खेल को आगे बढ़ाने का एक महत्वपूर्ण मंच बन चुका है। इस तरह के आयोजनों से महिला सशक्तिकरण को नई दिशा मिलेगी और आने वाले वर्षों में यह टूर्नामेंट और भी भव्य रूप लेगा।






