कटघोरा जनपद पंचायत में ऐतिहासिक जीत!



झुलबाई गोविंद सिंह कंवर बनीं अध्यक्ष, ममता दामोदर राठौर बनीं उपाध्यक्ष – समर्थकों में जश्न
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा/कटघोरा, 4 मार्च 2025: कटघोरा जनपद पंचायत में आज जनपद अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष पद के लिए चुनाव संपन्न हुआ। चुनाव प्रक्रिया के तहत सभी दावेदारों ने अपने नामांकन पत्र पीठासीन अधिकारी रोहित सिंह के समक्ष दाखिल किए, जिसके बाद मतदान संपन्न हुआ।
चुनाव परिणाम घोषित करते हुए पीठासीन अधिकारी रोहित सिंह ने श्रीमती झुलबाई गोविंद सिंह कंवर को जनपद पंचायत कटघोरा अध्यक्ष और श्रीमती ममता दामोदर राठौर को जनपद पंचायत कटघोरा उपाध्यक्ष के रूप में निर्वाचित घोषित किया।
ऐतिहासिक जीत, समर्थकों में उत्साह
श्रीमती झुलबाई गोविंद सिंह कंवर ने अपने प्रतिद्वंद्वी को 11 मतों से पराजित कर अध्यक्ष पद पर कब्जा जमाया। वहीं, श्रीमती ममता दामोदर राठौर ने भी दमदार बढ़त लेते हुए जनपद उपाध्यक्ष पद पर अपनी जीत दर्ज की।
इस जीत की घोषणा होते ही दोनों विजयी उम्मीदवारों के समर्थकों में भारी उत्साह देखने को मिला। समर्थकों ने पटाखे फोड़े, मिठाई बांटी और विजेताओं को बधाइयाँ एवं शुभकामनाएँ दीं।
जनता के विकास के लिए संकल्प
मीडिया से बातचीत के दौरान जनपद अध्यक्ष श्रीमती झुलबाई गोविंद सिंह कंवर और जनपद उपाध्यक्ष श्रीमती ममता दामोदर राठौर ने कहा कि वे दोनों मिलकर क्षेत्र के विकास में अहम भूमिका निभाएंगी और शासन की सभी योजनाओं को ग्रामीण जनता तक पहुँचाने का कार्य करेंगी।
गौरतलब है कि श्रीमती झुलबाई गोविंद सिंह कंवर, पूर्व जनपद पंचायत कटघोरा उपाध्यक्ष गोविंद सिंह कंवर की पत्नी हैं और भारतीय जनता पार्टी समर्थित प्रत्याशी रही हैं।




