पांच माह पहले हाथियों ने ढहाया था ग्रामीण का मकान, अब तक नहीं मिल पाया मुआवजा
1 min read



त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा जिले के कटघोरा वनमंडल अंतर्गत ऐतमानगर रेंज के ग्राम बंजारी के आश्रित ग्राम कटमोरगा की एक 90 वर्षीय बुजुर्ग महिला के घर को पांच माह पूर्व हाथियों ने तोड़कर तबाह कर दिया था। अब तक मुअवाजा राशि का भुगतान नहीं होने से महिला परिवार सहित क्षतिग्रस्त मकान पर रहने मजबूर हैं।
पीड़ित महिला मथनकुंवर ने बताया कि मकान के क्षतिग्रस्त हो जाने पर नुकसान का आंकलन करने वन विभाग की टीम पहुंची थी। मुआवजे का प्रकरण भी बनाया गया लेकिन राशि आज पर्यंत तक नहीं मिल पाई। बुजुर्ग ने बताया कि सब्जी-भाजी बेचकर किसी तरह अपना जीवन यापन करती है। खुद का मकान टूट जाने के बाद वह अपने पुत्र के साथ रह रही है, उसे भी हाथियों ने ध्वस्त कर दिया है। क्षतिग्रस्त मकान में परिवार सहित भयपूर्ण जीवन व्यतीत कर रही है। मथनकुंवर ने बताया कि क्षेत्रीय कार्यालय जाकर भी गुहार लगा चुकी है। क्षेत्र के ऐसे कई ग्रामीण हैं, जिनकी क्षतिपूर्ति का निराकरण नहीं किया गया है। जिसका खामियाजा वनांचल क्षेत्र के ग्रामीणों को भुगतना पड़ता है। महिला ने वन मंडलाधिकारी से निराकरण करने मांग की हैं।







