श्री सप्तदेव मंदिर में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी उत्सव की तैयारियां जोरो पर



त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा के हृदय स्थल में स्थित श्री सप्तदेव मंदिर में मनायी जाने वाली ’’ श्री कृष्ण जन्माष्टमी उत्सव ’’ वृंदावन एवं मथुरा में मनायी जाने वाली जन्माष्टमी के समतुल्य ही होती है इसी तारतम्य में दिनांक 26.08.2024 दिन सोमवार को मनायी जाने वाली श्रीकृष्ण जन्माष्टमी उत्सव की तैयारियॉं लगभग पूर्ण हो गयी है। मंदिर परिसर में विगत वर्षो की भांति भगवान श्रीकृष्ण जी की बाल लीलाओं पर आधारित झांकियॉं लगा दी गयी है तथा रामसेतु का पानी मे तैरने वाला वास्तविक पत्थर, बर्फानी बाबा अमरनाथ की झांकी भी लगाई गई है जिसके साथ साथ अन्य झांकियों के दर्शन जन्माष्टमी के दिन सायं 4.00 बजे से रात्रि 12.30 बजे तक होगें।
पुरूष एवं महिलाओं को असुविधा से बचने के लिये बेरीकेट्स का प्रबंध किया गया है एवं इन बेरीकेट्स के माध्यम से स्त्री एवं पुरूष अलग अलग क्रमबद्ध होकर मंदिर के भीतर प्रवेश कर भगवान के दर्शन कर सकेगें ताकि उन्हे किसी प्रकार की कोई असुविधा ना होने पाये।
मंदिर परिसर में ही आदर्श सेवा केन्द्र में स्वामी श्री रामदेव जी महाराज, पूज्य आसाराम बापू के आश्रम में निर्मित पूजन सामाग्री एवं श्री गीता प्रेस गोरखपुर की साहित्यों, श्री राणी सती दादी जी की मंगल पाठ की पुस्तके एवं श्री श्याम बाबा की पूजन सामाग्रियॉ उपलब्ध होंगी।
मंदिर में इस दिन दोपहर 3.00 बजे से 5.00 बजे तक ’’ श्रीकृष्ण बनो प्रतियोगिता ’’ का आयोजन किया गया है एवं रात्रि 8.00 बजे से 11.00 बजे तक भजन संध्या कार्यक्रम के अर्न्तगत श्री श्याम भजनों की मनमोहक प्रस्तुति पंकजा एंड प्रज्ञा दीदी के द्वारा की जायेगी है तत्पश्चात रात्रि 12.00 बजे भगवान श्रीकृष्ण जी का जन्मोत्सव धूमधाम से मनाया जायेगा।
श्री सप्तदेव मंदिर परिवार ने समस्त भक्तजनों से आग्रह किया है कि उक्त अवसर पर मंदिर में सह परिवार पधारकर समस्त कार्यक्रमों में भाग लेकर पुण्य लाभ अर्जित करें।

