धर्मजयगढ़ में जनजातीय शक्ति का महाकुंभ, 15 नवंबर को भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन करेंगे शिरकत
1 min read
भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती पर जुटेगा जनजातीय समाज का विशाल समागम, सरगुजा से जशपुर तक के समाजजनों की होगी भागीदारी; 16 से 18 नवंबर तक प्रदेश की सभी 90 विधानसभा क्षेत्रों में युवा संवाद सहित होंगे विविध आयोजन
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**// रायपुर। भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर मनाए जाने वाले जनजातीय गौरव दिवस को लेकर छत्तीसगढ़ में व्यापक स्तर पर तैयारियां की गई हैं। 15 नवंबर को रायगढ़ जिले के धर्मजयगढ़ में भव्य जनजातीय समागम आयोजित किया जाएगा। इस आयोजन में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव ने शनिवार को रायपुर में आयोजित पत्रकार वार्ता में कार्यक्रम की जानकारी देते हुए बताया कि इस समागम में सरगुजा से लेकर जशपुर तक के विभिन्न जनजातीय समाजों की बड़ी भागीदारी रहेगी। कार्यक्रम के माध्यम से जनजातीय गौरव, परंपरा, संस्कृति और स्वतंत्रता संग्राम में जनजातीय नायकों के योगदान को स्मरण किया जाएगा।
किरण देव ने बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद नितिन नवीन का यह पहला छत्तीसगढ़ दौरा होगा। इससे पहले छत्तीसगढ़ के प्रदेश प्रभारी के रूप में उन्होंने लंबे समय तक संगठन को मार्गदर्शन दिया है। उनके आगमन को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं और जनजातीय समाज में उत्साह का माहौल है। उन्होंने प्रदेशवासियों को जनजातीय गौरव दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भगवान बिरसा मुंडा का जीवन संघर्ष, स्वाभिमान और अन्याय के विरुद्ध प्रतिरोध की प्रेरणा देता है।

90 विधानसभा क्षेत्रों में तीन दिनों तक गूंजेगा युवा संवाद
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने 11 से 18 नवंबर तक आयोजित किए जा रहे कार्यक्रमों की विस्तृत रूपरेखा साझा करते हुए बताया कि प्रदेशभर में जनजातीय गौरव दिवस को व्यापक जनभागीदारी के साथ मनाया जा रहा है। 11 से 14 नवंबर तक राजधानी रायपुर में मुख्यमंत्री की पत्रकार वार्ता के बाद बस्तर, सरगुजा सहित सभी जिला मुख्यालयों में पत्रकार वार्ताएं आयोजित की जा रही हैं। इसके साथ ही जनजातीय महापुरुषों के स्मारकों की साफ-सफाई, दीपोत्सव और अन्य गतिविधियों के माध्यम से उनके योगदान को याद किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि 15 नवंबर को प्रदेशभर में भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण और पुष्पांजलि अर्पित की जाएगी। वहीं 16 से 18 नवंबर तक छत्तीसगढ़ की सभी 90 विधानसभा क्षेत्रों में युवा संवाद कार्यक्रम आयोजित होंगे। इसके अतिरिक्त जनजातीय छात्रावासों में संपर्क अभियान, स्वाभिमान सम्मेलन, शोभायात्राएं और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के जरिए नई पीढ़ी को जनजातीय इतिहास, परंपराओं और गौरवशाली विरासत से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।
बिरसा मुंडा से वीर नारायण सिंह तक, जनजातीय नायकों के संघर्ष को किया याद
किरण देव ने कहा कि भारत के स्वतंत्रता संग्राम और देश की सांस्कृतिक विरासत को मजबूत बनाने में जनजातीय समाज का योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण रहा है। भगवान बिरसा मुंडा का प्रसिद्ध उद्घोष ‘अबुआ दिशुम, अबुआ राज’ जनजातीय स्वाभिमान और अपने अधिकारों के प्रति जागरूकता का प्रतीक है। उन्होंने छत्तीसगढ़ के महान जनजातीय वीरों शहीद गुंडाधूर, डेबरीधूर, वीर नारायण सिंह और गेंद सिंह के संघर्ष एवं बलिदान को नमन करते हुए कहा कि इन महापुरुषों का इतिहास देश की आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2021 में भगवान बिरसा मुंडा की जयंती को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में घोषित कर जनजातीय समाज की ऐतिहासिक भूमिका, संस्कृति और पहचान को राष्ट्रीय स्तर पर विशेष सम्मान दिया। अब वर्ष 2047 तक विकसित भारत और विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में जनजातीय समाज की भूमिका केवल योजनाओं के लाभार्थी तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि वह विकास यात्रा का महत्वपूर्ण भागीदार बनेगा।
जनजातीय विकास के लिए बजट में वृद्धि, पीएम जनमन और ग्राम उत्कर्ष अभियान पर जोर
प्रदेश अध्यक्ष ने केंद्र सरकार की जनजातीय विकास योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के कार्यकाल में अलग जनजातीय कार्य मंत्रालय का गठन किया गया था। उनके अनुसार, जनजातीय कार्य मंत्रालय का बजट वर्ष 2014-15 में 4,497.96 करोड़ रुपये था, जो वर्ष 2025-26 में बढ़कर 14,926 करोड़ रुपये हो गया है।
उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री जनमन योजना के लिए लगभग 24,104 करोड़ रुपये और धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के लिए 79,156 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। इन योजनाओं के माध्यम से देश के 63 हजार से अधिक जनजातीय गांवों तक विकास की सुविधाएं पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है। शिक्षा, स्वास्थ्य, बुनियादी ढांचे, आवास और आजीविका के क्षेत्र में जनजातीय समुदायों को आगे बढ़ाने के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं।
बस्तर में विकास की नई संभावनाएं, शिक्षा और स्वास्थ्य पर भी विशेष जोर
किरण देव ने बस्तर क्षेत्र का उल्लेख करते हुए कहा कि लंबे समय तक नक्सलवाद के कारण जनजातीय अंचलों में विकास योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन प्रभावित रहा। उन्होंने दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की राजनीतिक इच्छाशक्ति से मार्च 2026 तक नक्सलवाद के खात्मे के लिए निर्धारित लक्ष्य पूरा हुआ है। उनके अनुसार, अब इन क्षेत्रों में विकास कार्यों और सरकारी योजनाओं के विस्तार की नई संभावनाएं बनी हैं।
उन्होंने बताया कि जनजातीय विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए देशभर में 728 एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय स्थापित किए गए हैं। इसके साथ ही वर्ष 2047 तक सिकल सेल एनीमिया के पूर्ण उन्मूलन का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। उन्होंने कहा कि जनजातीय समाज के बच्चों को शिक्षा, युवाओं को अवसर और परिवारों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना समावेशी विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
पत्रकार वार्ता के दौरान भाजपा प्रदेश महामंत्री डॉ. नवीन मार्कण्डेय भी उपस्थित रहे।




