November 15, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

 

 

 

**प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने सभास्थल पहुंचकर परखी तैयारियां, मंच से लेकर सुरक्षा और यातायात व्यवस्था तक का लिया जायजा; प्रदेशभर से जनजातीय समाज, जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं के जुटने की तैयारी**

 त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**//**रायगढ़/धरमजयगढ़।** भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती पर 15 नवंबर को धर्मजयगढ़ की धरती एक बड़े जनजातीय समागम की साक्षी बनने जा रही है। जनजातीय गौरव दिवस के राज्यस्तरीय समारोह को भव्य स्वरूप देने के लिए भारतीय जनता पार्टी ने तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के मुख्य आतिथ्य में आयोजित होने वाली इस विशाल सभा को यादगार बनाने के उद्देश्य से शनिवार को प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह स्वयं धर्मजयगढ़ पहुंचे और पूरे आयोजन की व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया।

राष्ट्रीय अध्यक्ष के प्रस्तावित आगमन और प्रदेशभर से पहुंचने वाले जनसमुदाय को देखते हुए संगठन महामंत्री ने सभास्थल की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने मंच निर्माण, अतिथियों के बैठने की व्यवस्था, आमसभा स्थल, पेयजल, यातायात प्रबंधन और सुरक्षा इंतजामों की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने आयोजन से जुड़े पदाधिकारियों और जिम्मेदार कार्यकर्ताओं से तैयारियों की जानकारी ली तथा आवश्यक सुधार और व्यवस्थाओं को समय पर पूरा करने के निर्देश दिए।

 

 

**हर व्यवस्था पर संगठन की नजर, कार्यकर्ताओं को सौंपी गई जिम्मेदारी**

निरीक्षण के बाद प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने प्रदेश पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और आयोजन समिति के सदस्यों के साथ बैठक कर कार्यक्रम की विस्तृत रूपरेखा पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि जनजातीय गौरव दिवस केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि जनजातीय समाज की अस्मिता, गौरवशाली परंपराओं, सांस्कृतिक विरासत और स्वतंत्रता संग्राम में उनके ऐतिहासिक योगदान को नमन करने का अवसर है।

उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के प्रथम आगमन और इस राज्यस्तरीय समारोह को सफल बनाने के लिए सभी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता अपनी जिम्मेदारियों का पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ निर्वहन करें। आयोजन में आने वाले प्रत्येक अतिथि और समाजजन को बेहतर व्यवस्था मिले, इसके लिए सभी आवश्यक तैयारियां समय रहते पूरी करने पर जोर दिया गया।

**बिरसा मुंडा के बलिदान और जनजातीय स्वाभिमान को समर्पित होगा महासमागम**

15 नवंबर को आयोजित होने वाले इस समारोह में प्रदेश के विभिन्न जनजातीय अंचलों से बड़ी संख्या में समाज के लोगों के शामिल होने की तैयारी है। जनप्रतिनिधियों, सामाजिक प्रमुखों और भाजपा कार्यकर्ताओं की भी व्यापक भागीदारी प्रस्तावित है। भगवान बिरसा मुंडा के संघर्ष, बलिदान और जनजातीय समाज के अधिकारों के लिए उनके ऐतिहासिक आंदोलन को स्मरण करते हुए समारोह में जनजातीय संस्कृति और स्वाभिमान को प्रमुखता दी जाएगी।

भाजपा संगठन इस आयोजन को जनजातीय समाज की गौरवशाली विरासत और विकास की आकांक्षाओं को सामने लाने के बड़े मंच के रूप में देख रहा है। धर्मजयगढ़ में होने वाला यह समागम जनजातीय समाज की एकजुटता, सांस्कृतिक पहचान और सामाजिक भागीदारी को रेखांकित करेगा।

**दिग्गज नेताओं की मौजूदगी में अंतिम तैयारियों को मिला मार्गदर्शन**

निरीक्षण एवं तैयारियों की समीक्षा के दौरान भाजपा राष्ट्रीय मंत्री एवं प्रदेश सह प्रभारी सिद्धार्थ शंभू, प्रदेश सरकार के मंत्री रामविचार नेताम, केदार कश्यप, ओपी चौधरी, प्रदेश महामंत्री अखिलेश सोनी, क्रेडा अध्यक्ष भूपेन्द्र सवन्नी, प्रदेश उपाध्यक्ष जगन्नाथ पाणिग्रही, कोषाध्यक्ष राम गर्ग, बिलासपुर संभाग प्रभारी रामू रोहरा और रायगढ़ जिला अध्यक्ष अरुण धर दीवान सहित अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित रहे।

राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के मुख्य आतिथ्य में रविवार सुबह होने वाले इस राज्यस्तरीय आयोजन को लेकर संगठन ने व्यापक तैयारियां की हैं। अब सभी की निगाहें धर्मजयगढ़ में होने वाले इस जनजातीय गौरव दिवस समारोह पर टिकी हैं, जहां भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर जनजातीय अस्मिता, इतिहास और गौरव का संदेश गूंजेगा।

More Stories

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.