November 4, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

 

 

 

मंत्री लखनलाल देवांगन ने विभागीय प्रदर्शनी का किया अवलोकन, हितग्राहियों को मिली सहायता राशि, कृषि उपकरण, आवास की चाबियां और अधिकार अभिलेख

कोरबा, 03 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस एवं राज्योत्सव-2026 के अवसर पर कोरबा के डॉ. भीमराव अंबेडकर ओपन ऑडिटोरियम मैदान में विकास, जनकल्याण और जनसेवा का अनूठा संगम देखने को मिला। जिला स्तरीय राज्योत्सव में शासकीय विभागों ने अपनी-अपनी योजनाओं और उपलब्धियों की आकर्षक प्रदर्शनी लगाकर शासन की जनहितकारी पहल को आम जनता के सामने प्रस्तुत किया। कहीं किसानों को आधुनिक कृषि उपकरणों की सौगात मिली, तो कहीं महिलाओं के स्व सहायता समूहों को आर्थिक सहायता के चेक प्रदान किए गए। जरूरतमंदों को कृत्रिम अंग एवं सहायक उपकरण, आवास की चाबियां और स्वामित्व योजना के अधिकार अभिलेख वितरित किए गए। विकास कार्यों पर आधारित झांकियों और विभागीय प्रदर्शनियों ने भी लोगों का ध्यान आकर्षित किया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री लखनलाल देवांगन ने विभिन्न विभागों के स्टॉलों का निरीक्षण किया और अधिकारियों से योजनाओं के क्रियान्वयन, हितग्राहियों को मिल रहे लाभ तथा जिले में संचालित विकास कार्यों की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने विभिन्न योजनाओं के पात्र हितग्राहियों को सहायता राशि, चेक, सामग्री और अधिकार अभिलेख प्रदान कर शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ आम लोगों तक पहुंचाने की प्रतिबद्धता को रेखांकित किया।

महिला सशक्तीकरण को मिला आर्थिक संबल

महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से हितग्राहियों को सुपोषण किट वितरित की गई। वहीं सक्षम योजना के अंतर्गत महिला स्व सहायता समूहों को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के उद्देश्य से दुर्गा पढ़ना-बढ़ना स्व सहायता समूह मोहलाइनभाठा कटघोरा को 4 लाख रुपये, माला स्व सहायता समूह चोढ़ा हरदीबाजार को 3 लाख रुपये तथा ऊषा बाई नगोईबछेरा पोड़ी उपरोड़ा को 1 लाख 20 हजार रुपये के चेक प्रदान किए गए। इन आर्थिक सहायता राशियों से महिलाओं के स्वरोजगार और आजीविका संवर्धन को प्रोत्साहन मिलेगा।

वन्यजीवों से फसल क्षति पर मुआवजा, किसानों को राहत

वन विभाग द्वारा फसल क्षति के मुआवजे के रूप में ग्राम बैगामार की लक्ष्मी को 7,917 रुपये, लीलगर के एक हितग्राही को 11,698 रुपये तथा कार्तिक को 8,184 रुपये के डेमो चेक प्रदान किए गए। वहीं भू-अभिलेख शाखा ने स्वामित्व योजना के अंतर्गत तहसील भैंसमा की दिलहरण बाई एवं गंगोत्री बाई, ग्राम पंडरीपानी के सुधराम, कुरुडीह के बलराम, बिंझरी के बेचू सिंह और अजगरबहार के लवभूषण सिंह सहित अन्य हितग्राहियों को अधिकार अभिलेख वितरित किए। इससे ग्रामीणों को उनकी संपत्ति के स्वामित्व संबंधी दस्तावेज उपलब्ध कराने की योजना को मजबूती मिली।

कोसा उत्पादकों के खातों तक पहुंची लाखों की राशि

रेशम उद्योग एवं खादी ग्रामोद्योग विभाग के माध्यम से कोसा उत्पादन से जुड़ी सहकारी समितियों को कोसा फल के भुगतान के लिए बड़ी राशि वितरित की गई। इसमें करतला समिति को 34,464 रुपये, तिवरता समिति को 19,574 रुपये, कुदारीखार समिति को 47,142 रुपये, पाली समिति को 2,06,339 रुपये, तिवरता समिति को 58,723 रुपये, कुदारीखार समिति को 8,12,730 रुपये, कोरबा की आदर्श आदिवासी कोसा कृमिपालन सहकारी समिति को 2,94,521 रुपये, तुमान समिति को 1,66,216 रुपये तथा ढेलवाडीह समिति को 1,55,547 रुपये प्रदान किए गए। इस पहल से कोसा उत्पादन से जुड़े ग्रामीणों और सहकारी समितियों को आर्थिक संबल मिला।

किसानों को बीज के साथ आधुनिक कृषि उपकरणों की सौगात

कृषि विभाग के स्टॉल पर किसानों को तिवड़ा एवं चना बीज वितरित किए गए। ग्राम खरमोरा के जगत सिंह, जगमोहन सिंह एवं सम्मान सिंह को एक-एक बोरी तिवड़ा बीज दिया गया। दादरखुर्द के शैलेन्द्र सिंह और करमंदी के महेश को भी तिवड़ा बीज प्रदान किया गया। रिस्दी के पंचराम को चना बीज तथा खरमोरा के प्रदीप सिंह को चने की बोरी दी गई। इसके साथ ही रिस्दी के श्रवण सिंह को पावर वीडर तथा गजरा बस्ती बांकीमोंगरा के पन्नालाल को पावर रीपर प्रदान किया गया। इससे किसानों को खेती-किसानी में आधुनिक उपकरणों के उपयोग के लिए प्रोत्साहन मिला।

पशुपालकों को भी मिला आर्थिक सहयोग

पशुधन विभाग द्वारा विभिन्न हितग्राहियों को 15-15 हजार रुपये के डेमो चेक वितरित किए गए। इनमें हरदीबाजार के जितेंद्र यादव, नेवशा के शिव प्रसाद, धतुरा के ईवन लाल कौशिक, रेकी के भैया राम यादव तथा सराईसिंगार के आशीष कुमार शामिल रहे।

दिव्यांगजनों के जीवन को आसान बनाने की पहल

एनटीपीसी द्वारा जरूरतमंद हितग्राहियों को कृत्रिम अंग एवं सहायक उपकरण प्रदान किए गए। प्रगतिनगर की मीनाक्षी को कृत्रिम पैर, एमपी नगर के अरहान खान को कृत्रिम हाथ, अयोध्यापुरी की नजमा बेगम को हियरिंग एड तथा इंद्रानगर के जलील खान को कृत्रिम अंग प्रदान किया गया। वहीं नगर पालिक निगम द्वारा प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के अंतर्गत हितग्राहियों को उनके आवास की चाबियां सौंपी गईं। आदिवासी विकास विभाग ने आदिवासी संस्कृति और परंपराओं के संरक्षण पर आधारित आकर्षक झांकी प्रस्तुत कर जिले की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को प्रदर्शित किया।

महिला स्व सहायता समूहों के उत्पादों ने बटोरी सराहना

पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत महिला स्व सहायता समूहों द्वारा तैयार विभिन्न उपयोगी उत्पादों की प्रदर्शनी लगाई गई। समूह की महिलाओं ने कोदो, कुटकी और रागी जैसे मिलेट्स से तैयार छत्तीसगढ़ी व्यंजनों के साथ ठेठरी, खुरमी और चीला सहित पारंपरिक पकवानों के स्टॉल लगाए। इन स्टॉलों के माध्यम से स्थानीय उत्पादों, पारंपरिक खानपान और महिला उद्यमिता को बढ़ावा देने का संदेश दिया गया। उद्यानिकी एवं प्रक्षेत्र वानिकी विभाग ने किसानों को उपलब्ध सुविधाओं और योजनाओं की जानकारी दी।

जनसंपर्क की प्रदर्शनी में दिखी बदलते कोरबा की तस्वीर

जनसंपर्क विभाग की छायाचित्र प्रदर्शनी राज्योत्सव का प्रमुख आकर्षण रही। इसमें शासन की विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित हितग्राहियों के जीवन में आए बदलाव और जिला खनिज न्यास (डीएमएफ) के माध्यम से जिले में कराए गए विकास कार्यों को तस्वीरों के माध्यम से प्रदर्शित किया गया। मंत्री लखनलाल देवांगन ने प्रदर्शनी का अवलोकन कर योजनाओं की जानकारी ली। आम नागरिकों को शासन की योजनाओं से संबंधित जनमन पत्रिका, अन्य पत्रिकाएं, ब्रोशर एवं पाम्पलेट भी निःशुल्क उपलब्ध कराने की जानकारी दी गई।

स्वास्थ्य जांच से लेकर कानूनी अधिकारों तक जागरूकता

पुलिस विभाग ने आग्नेय शस्त्रों की प्रदर्शनी लगाकर नागरिकों को उनके सुरक्षित उपयोग और सुरक्षा संबंधी जानकारी दी। विधिक सेवा प्राधिकरण ने लोगों को उनके कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक किया। वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग ने हर्बल उत्पादों और वन औषधियों का प्रदर्शन किया। स्कूल शिक्षा विभाग ने शैक्षणिक गतिविधियों के माध्यम से शिक्षा के महत्व को रेखांकित किया। छत्तीसगढ़ राज्य अक्षय ऊर्जा विकास अभिकरण ने प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना सहित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी।

स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग द्वारा स्वास्थ्य शिविर आयोजित कर नागरिकों की शुगर, रक्तचाप सहित अन्य स्वास्थ्य जांच की गई। मेडिकल मोबाइल बस के माध्यम से भी लोगों को विभिन्न रोगों की जांच और उपचार की सुविधा उपलब्ध कराई गई।

जिला स्तरीय राज्योत्सव-2026 में विभागीय प्रदर्शनियों, विकास कार्यों की झांकियों और हितग्राहियों को लाभ वितरण के माध्यम से शासन की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया गया। आयोजन ने एक ओर जिले में संचालित विकास गतिविधियों की तस्वीर प्रस्तुत की, वहीं दूसरी ओर आम नागरिकों को योजनाओं की पात्रता, सुविधाओं और लाभ प्राप्त करने की प्रक्रिया से अवगत होने का अवसर दिया।

इस अवसर पर कटघोरा विधायक प्रेमचंद पटेल, जिला पंचायत अध्यक्ष, महापौर संजू देवी राजपूत, कलेक्टर कुणाल दुदावत तथा जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रतीक जैन सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

More Stories

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.