दो महीने बाद छत्तीसगढ़ लौटे किरण देव, एयरपोर्ट पर उमड़ा कार्यकर्ताओं का स्नेह; बोले—आपका प्रेम ही मेरी सबसे बड़ी ताकत
1 min read



उपचार के बाद रायपुर पहुंचे भाजपा प्रदेश अध्यक्ष, आत्मीय स्वागत से हुए अभिभूत; 10 दिन फिजियोथेरेपी के बाद दंतेवाड़ा से शुरू करेंगे प्रदेश प्रवास
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**//**// रायपुर। दो महीने के उपचार के बाद भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष किरण देव के छत्तीसगढ़ लौटते ही रायपुर विमानतल पर कार्यकर्ताओं में उत्साह देखने को मिला। दिल्ली से रायपुर पहुंचे प्रदेश अध्यक्ष के स्वागत के लिए भाजपा के विभिन्न मोर्चों, प्रकोष्ठों और संगठन के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एयरपोर्ट पहुंचे। कार्यकर्ताओं ने आत्मीयता के साथ उनका स्वागत किया और उनके स्वस्थ होकर लौटने पर शुभकामनाएं दीं।
कार्यकर्ताओं के इस स्नेह से अभिभूत किरण देव ने कहा कि पार्टी परिवार के प्रत्येक कार्यकर्ता का प्रेम, स्नेह और विश्वास ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं के साथ-साथ छत्तीसगढ़ की जनता और राजनीतिक क्षेत्र से जुड़े अन्य दलों के लोगों ने भी उनके स्वास्थ्य के लिए शुभकामनाएं प्रेषित कीं। इसके लिए उन्होंने सभी के प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया।

पत्रकारों से चर्चा में किरण देव ने बताया कि वे आगामी 10 दिनों तक रायपुर में रहकर फिजियोथेरेपी का कोर्स पूरा करेंगे। इसके बाद वे माँ दंतेश्वरी के दर्शन के लिए दंतेवाड़ा जाएंगे और फिर जगदलपुर पहुंचेंगे। इसके पश्चात वे पूरे छत्तीसगढ़ का प्रवास प्रारंभ करेंगे। उनके इस कार्यक्रम से संगठनात्मक गतिविधियों में भी फिर से सक्रियता बढ़ने के संकेत हैं।
स्मृति ईरानी और सिद्धार्थ शम्भू को दी शुभकामनाएं
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव ने राष्ट्रीय महामंत्री स्मृति ईरानी को छत्तीसगढ़ भाजपा की प्रदेश प्रभारी तथा राष्ट्रीय मंत्री सिद्धार्थ शम्भू को सह प्रभारी बनाए जाने पर शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने जिस विश्वास के साथ दोनों नेताओं को छत्तीसगढ़ की जिम्मेदारी सौंपी है, उससे संगठन को उनके अनुभव और मार्गदर्शन का लाभ मिलेगा।
उन्होंने कहा कि स्मृति ईरानी के केंद्रीय मंत्री के रूप में लंबे अनुभव और संगठनात्मक कार्य में दक्षता का लाभ प्रदेश भाजपा को मिलेगा। वहीं सह प्रभारी सिद्धार्थ शम्भू का मार्गदर्शन संगठन को और अधिक व्यवस्थित एवं सशक्त बनाने में सहायक होगा।
एयरपोर्ट पर दिखी संगठन की एकजुटता
किरण देव के स्वागत के लिए भाजपा पदाधिकारियों के साथ युवा मोर्चा, महिला मोर्चा, किसान मोर्चा, ओबीसी मोर्चा, अनुसूचित जाति मोर्चा, अनुसूचित जनजाति मोर्चा, अल्पसंख्यक मोर्चा सहित विभिन्न प्रकोष्ठों के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। इस दौरान कार्यकर्ताओं की मौजूदगी और आत्मीय स्वागत ने भाजपा संगठन में किरण देव के प्रति समर्थन और जुड़ाव को सामने रखा।
इस अवसर पर भाजपा प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय, प्रदेश महामंत्री यशवंत जैन, अखिलेश सोनी, डॉ. नवीन मार्कंडेय सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।







