स्वास्थ्य की जांच से लेकर जीवन बचाने तक, कोरबा में दिखा सेवा संकल्प का मानवीय चेहरा
1 min read



बुधवारी बाजार के आदिवासी शक्तिपीठ में बृहद स्वास्थ्य शिविर और महा रक्तदान का आयोजन, कलेक्टर कुणाल दुदावत समेत अधिकारियों ने रक्तदान कर दिया प्रेरक संदेश
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**//**//कोरबा सेवा केवल किसी जरूरतमंद तक सहायता पहुंचाने का नाम नहीं, बल्कि समाज को स्वस्थ, जागरूक और संवेदनशील बनाने का भी संकल्प है। इसी भावना के साथ सेवा संकल्प अभियान के तहत बुधवारी बाजार स्थित आदिवासी शक्तिपीठ परिसर में बृहद स्वास्थ्य शिविर एवं महा रक्तदान कार्यक्रम आयोजित किया गया। स्वास्थ्य जांच, विशेषज्ञ चिकित्सकीय परामर्श, आयुष स्वास्थ्य मेला, रक्तदान तथा देहदान और नेत्रदान के प्रति जागरूकता जैसी गतिविधियों ने कार्यक्रम को जनसेवा के व्यापक अभियान का स्वरूप दिया।

शिविर में बड़ी संख्या में नागरिक पहुंचे और स्वास्थ्य संबंधी जांच कराकर चिकित्सकों से आवश्यक परामर्श लिया। शुगर, ब्लड प्रेशर सहित विभिन्न स्वास्थ्य जांच की सुविधाएं उपलब्ध रहीं। इसके साथ ही आयुर्वेद, योग और अन्य स्वास्थ्य सेवाओं के संबंध में भी लोगों को जानकारी दी गई।
गोपाल मोदी बोले—सेवा के साथ स्वस्थ समाज बनाना भी हमारा संकल्प
कार्यक्रम में भाजपा कोरबा जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से जिले में लगातार जनहित और जनसेवा से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। स्वास्थ्य शिविर और महा रक्तदान इसी श्रृंखला की महत्वपूर्ण कड़ी है।
उन्होंने बताया कि शिविर में एआई आधारित एक्स-रे जांच की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई, जिससे नागरिकों को आधुनिक तकनीक के माध्यम से स्वास्थ्य संबंधी जानकारी प्राप्त करने में सहायता मिली। उन्होंने स्वास्थ्य जांच के साथ आयुर्वेद और योग को जीवनशैली का हिस्सा बनाने के लिए जागरूकता की आवश्यकता पर भी जोर दिया।
अधिकारियों ने रक्तदान कर दिया सेवा का संदेश
महा रक्तदान शिविर भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी के सहयोग से आयोजित किया गया। रेडक्रॉस सोसायटी के अध्यक्ष राम सिंह अग्रवाल ने नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में रक्तदान करने की अपील की।
कार्यक्रम में कलेक्टर कुणाल दुदावत ने स्वयं रक्तदान किया। नगर निगम आयुक्त आशुतोष पांडे और जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रतीक जैन ने भी रक्तदान कर लोगों को प्रेरित किया। अधिकारियों ने कहा कि रक्त की आवश्यकता किसी भी मरीज को कभी भी पड़ सकती है, इसलिए रक्तदान के प्रति समाज में नियमित जागरूकता जरूरी है।
एक ही परिसर में जांच, परामर्श, रक्तदान और जागरूकता
शिविर की खास बात यह रही कि यहां स्वास्थ्य सेवाओं के साथ सामाजिक जागरूकता से जुड़े विषयों को भी प्रमुखता दी गई। नागरिकों को स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने के साथ आयुर्वेद, योग, देहदान और नेत्रदान जैसे विषयों के बारे में जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन सिंह, जिला महामंत्री अजय विश्वकर्मा, एमआईसी सदस्य नरेंद्र देवांगन, योगेश जैन, रुक्मणी नायर, कमला किंडो, नवीन अरोड़ा, प्रीति स्वर्णकार, ज्योति वर्मा, संजय राठौर सहित भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
सेवा संकल्प अभियान के इस आयोजन ने स्वास्थ्य जागरूकता और रक्तदान को एक साथ जोड़ते हुए यह संदेश दिया कि समाज की सेवा केवल सहायता देने से नहीं, बल्कि किसी के जीवन को बचाने और लोगों को स्वस्थ रहने के लिए जागरूक करने से भी होती है।







