घर में बेकार पड़ा खिलौना अब बनेगा किसी बच्चे की मुस्कान, कोरबा में शुरू हुआ ‘खुशियां बांटने’ का अभियान
1 min read



खिलौना दान रथ के जरिए घर-घर पहुंचेगी सेवा की पहल, पुराने खिलौनों के साथ उपयोगी पुस्तकों का भी किया जाएगा संग्रह
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**// कोरबा,23 सितंबर2026
किसी घर के कोने में लंबे समय से रखा खिलौना भले ही उसके मालिक बच्चे के लिए पुराना हो चुका हो, लेकिन वही खिलौना किसी दूसरे बच्चे के लिए खुशी का सबसे खूबसूरत कारण बन सकता है। इसी सोच को जनसेवा से जोड़ते हुए कोरबा जिले में ‘खिलौना दान रथ’ की अनूठी पहल शुरू की गई है। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत शुरू किए गए इस अभियान का उद्देश्य घरों में अनुपयोगी पड़े उपयोग योग्य खिलौनों और पुस्तकों को जरूरतमंद बच्चों तक पहुंचाना है।
खिलौना दान रथ को जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों की मौजूदगी में रवाना किया गया। यह रथ नगर निगम क्षेत्र के अलग-अलग वार्डों में पहुंचेगा और परिवारों से साफ-सुथरे, सुरक्षित एवं उपयोग योग्य खिलौने एकत्र करेगा। एकत्र किए गए खिलौनों को जरूरतमंद बच्चों तक पहुंचाने के साथ ही आंगनबाड़ी केंद्रों में भी उपलब्ध कराया जाएगा।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन सिंह कंवर, एमआईसी सदस्य एवं पार्षद नरेंद्र देवांगन, जनप्रतिनिधि गोपाल मोदी, अजय विश्वकर्मा, पप्पू जैन सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण, कलेक्टर कुणाल दुदावत, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रतीक जैन सहित अधिकारी उपस्थित रहे।

घर की अलमारी से निकलेगी खुशी, किसी बच्चे के हाथ में पहुंचेगा खिलौना
इस अभियान की खासियत यह है कि इसमें किसी बड़े आर्थिक सहयोग की आवश्यकता नहीं है। घर में रखा वह खिलौना, जिससे अब बच्चे नहीं खेलते, किसी दूसरे बच्चे के लिए नई खुशी बन सकता है। इसी तरह पुरानी लेकिन उपयोगी पुस्तकें किसी जरूरतमंद विद्यार्थी के लिए पढ़ाई का महत्वपूर्ण साधन बन सकती हैं।
जिला प्रशासन एवं महिला एवं बाल विकास विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि वे अपने घरों में रखे ऐसे खिलौने दान करें, जिनका अब उनके परिवार में उपयोग नहीं हो रहा है। खिलौने सुरक्षित और उपयोग योग्य स्थिति में हों, ताकि उन्हें सीधे बच्चों तक पहुंचाया जा सके।
खिलौने ही नहीं, किताबें भी पहुंचाएंगी आगे बढ़ने की राह
सेवा संकल्प अभियान के तहत पुस्तक दान को भी इस पहल से जोड़ा गया है। जिन बच्चों की पुरानी कक्षा की किताबें अब उपयोग में नहीं हैं, लेकिन वे पढ़ने योग्य हैं, उन्हें घर में अनुपयोगी रखने के बजाय जरूरतमंद बच्चों तक पहुंचाया जा सकता है।
एक किताब किसी बच्चे की पढ़ाई को आगे बढ़ा सकती है और एक खिलौना उसके चेहरे पर मुस्कान ला सकता है। इसी विचार के साथ अभियान को जनभागीदारी से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
आपका छोटा सा सहयोग, किसी बच्चे के लिए बड़ी खुशी
सेवा संकल्प अभियान का यह प्रयास केवल वस्तुओं के संग्रह तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज में साझा करने, सहयोग और संवेदनशीलता की भावना को मजबूत करने की दिशा में भी महत्वपूर्ण पहल है। नागरिकों से आग्रह किया गया है कि वे अपने घर में अनुपयोगी पड़े उपयोग योग्य खिलौने और पुस्तकें जरूरतमंद बच्चों के लिए दान करें।
खिलौना दान करने अथवा संग्रह रथ को अपने घर बुलाने के लिए मोबाइल नंबर 9340509567 पर संपर्क किया जा सकता है।







