ढोल-नगाड़ों की गूंज के बीच भावुक विदाई, युवा गणेश उत्सव समिति ने निकाली विसर्जन यात्रा
1 min read



त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**//**// कोरबा। कोसाबाड़ी क्षेत्र के डॉक्टर राजेंद्र प्रसाद नगर में गणेशोत्सव का समापन भक्तिमय और उत्साहपूर्ण माहौल के बीच हुआ। युवा गणेश उत्सव समिति द्वारा स्थापित भगवान श्रीगणेश की प्रतिमा का आज विधिवत पूजा-अर्चना के बाद श्रद्धा और उल्लास के साथ विसर्जन किया गया। विसर्जन यात्रा में समिति के सदस्यों के साथ बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।
गणपति बप्पा के जयकारों, ढोल-नगाड़ों और भक्ति गीतों के बीच निकली विसर्जन यात्रा ने पूरे क्षेत्र का माहौल भक्तिमय कर दिया। श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीगणेश की पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि और क्षेत्र की खुशहाली की कामना की। यात्रा के दौरान युवा उत्सव समिति के सदस्यों में खासा उत्साह नजर आया।

गणेशोत्सव के दौरान राजेंद्र प्रसाद नगर में कई दिनों तक धार्मिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों का माहौल बना रहा। समिति द्वारा श्रद्धालुओं के लिए विभिन्न आयोजन किए गए, जिसमें क्षेत्रवासियों ने बढ़-चढ़कर सहभागिता निभाई। अंतिम दिन भगवान गणेश की विदाई के अवसर पर श्रद्धालुओं में उत्साह के साथ भावुकता भी देखने को मिली।
विसर्जन से पहले भगवान श्रीगणेश की आरती एवं पूजा-अर्चना की गई। इसके बाद प्रतिमा को विसर्जन स्थल की ओर ले जाया गया। श्रद्धालुओं ने “गणपति बप्पा मोरया, अगले बरस तू जल्दी आ” के जयघोष के साथ प्रथम पूज्य भगवान गणेश को विदाई दी।
समिति के सदस्यों ने गणेशोत्सव को सफल बनाने में सहयोग देने वाले क्षेत्रवासियों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि गणेशोत्सव केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि समाज और युवाओं को एकजुट करने का माध्यम भी है। पूरे आयोजन के दौरान क्षेत्रवासियों की सहभागिता ने उत्सव को यादगार बना दिया।







