September 7, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

 

 

घर-घर पहुंचेगा भाजपा का सेवा अभियान, बूथ से गांव तक होंगे नौ बड़े आयोजन; योजनाओं और उपलब्धियों से जनता को जोड़ने की तैयारी
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**//** कोरबा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी जिला कोरबा ने व्यापक जनसंपर्क और सेवा गतिविधियों की तैयारी तेज कर दी है। इसी कड़ी में टी.पी. नगर स्थित आशीर्वाद प्वाइंट में भाजपा जिला कार्यसमिति की बैठक एवं ‘सेवा संकल्प अभियान’ जिला कार्यशाला आयोजित की गई। बैठक में आगामी एक माह तक चलने वाले कार्यक्रमों की रूपरेखा तय करते हुए कार्यकर्ताओं को बूथ से लेकर गांव और शहर तक अभियान को प्रभावी ढंग से पहुंचाने की जिम्मेदारी सौंपी गई।

 

 

 

कार्यशाला में संभाग प्रभारी जगदीश रामू रोहरा, उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन, भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी, जिला प्रभारी अनिल केशरवानी, जिला सह प्रभारी बृजेन्द्र शुक्ला तथा महापौर संजूदेवी राजपूत प्रमुख रूप से मौजूद रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन एवं माल्यार्पण के साथ हुआ। इसके बाद वंदे मातरम् और राज्यगीत के साथ कार्यशाला की औपचारिक शुरुआत की गई। मंच संचालन जिला महामंत्री संजय शर्मा एवं अजय विश्वकर्मा ने किया।
‘सेवा ही भाजपा की पहचान, अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे योजनाओं का लाभ’
संभाग प्रभारी जगदीश रामू रोहरा ने कार्यकर्ताओं को संगठन की मूल विचारधारा से जोड़ते हुए कहा कि भाजपा की राजनीति का मूल आधार समाज सेवा, मानव सेवा और राष्ट्र सेवा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से पार्टी के विचारों और पंडित दीनदयाल उपाध्याय के अंत्योदय दर्शन को समझने तथा उसे समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की अनेक योजनाओं का उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास और कल्याण का लाभ पहुंचाना है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से विशेष रूप से युवाओं और नई पीढ़ी तक सरकार की योजनाओं एवं उपलब्धियों की जानकारी पहुंचाने पर जोर दिया। उनका कहना था कि आज का युवा डिजिटल माध्यमों से तेजी से जुड़ा है, इसलिए कार्यकर्ताओं को भी आधुनिक माध्यमों का प्रभावी उपयोग करते हुए राष्ट्रसेवा और जनकल्याण का संदेश जन-जन तक पहुंचाना चाहिए।
17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा अभियान
उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन को जनभागीदारी और सेवा भावना के साथ याद करते हुए 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि यह केवल सरकार की उपलब्धियां गिनाने तक सीमित अभियान नहीं होगा, बल्कि सेवा, सुशासन, गरीब कल्याण, विकास और विकसित भारत के संकल्प को समाज के प्रत्येक वर्ग से जोड़ने का प्रयास होगा। कार्यकर्ताओं से उन्होंने अभियान को व्यापक जनभागीदारी का स्वरूप देने का आह्वान किया।
नौ कार्यक्रमों से बनेगा सेवा संकल्प का माहौल
भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी ने अभियान की विस्तृत रूपरेखा रखते हुए बताया कि कोरबा जिले में अभियान के दौरान नौ प्रमुख कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें ‘आशीर्वाद’, ‘21 करोड़ बच्चों के सपनों का भारत’, ‘नमो सेवा गाथा’, ‘आंगन उत्सव’, ‘कहानी बदलाव की’, ‘विकसित भारत संकल्प यात्रा’, ‘सेवा ज्योति यात्रा’, ‘सेवा मेरा योगदान’ और ‘जन सेवक महाकुंभ’ प्रमुख हैं।
उन्होंने कहा कि इन कार्यक्रमों को सफल बनाने के लिए संयोजकों की नियुक्ति की जा चुकी है। मंडल से लेकर बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं के बीच समन्वय स्थापित कर अभियान को व्यापक रूप दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लंबे सार्वजनिक जीवन में राष्ट्रसेवा को प्राथमिकता दी है और अब कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है कि सेवा एवं विकसित भारत के संकल्प को जनभागीदारी से मजबूत करें।

 

 

 

हर बूथ पर जलेगा ‘आशीर्वाद का दिया’
जिला प्रभारी अनिल केशरवानी ने बताया कि 17 सितंबर से सेवा संकल्प उत्सव का शुभारंभ होगा। ‘आशीर्वाद का दिया’ अभियान के तहत जिले के प्रत्येक बूथ पर परिवार दीप प्रज्ज्वलित कर सेवा, राष्ट्र और जनकल्याण के संकल्प में सहभागिता करेंगे।
इसके अलावा स्कूलों में राष्ट्रव्यापी ड्राइंग एवं भाषण प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित एवं पुरस्कृत किया जाएगा। इस माध्यम से बच्चों और युवाओं को भी अभियान से जोड़ने की तैयारी है।
गांव-गांव पहुंचेगी ‘सेवा ज्योति यात्रा’
जिला सह प्रभारी बृजेन्द्र शुक्ला ने कहा कि सेवा संकल्प उत्सव के दौरान ‘सेवा ज्योति यात्रा’ गांव-गांव पहुंचेगी। यात्रा के माध्यम से केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों और सेवा गतिविधियों की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाई जाएगी।
उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य केवल कार्यक्रम आयोजित करना नहीं, बल्कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचकर सेवा और जनसरोकार की भावना को मजबूत करना है। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से अभियान को पूरी ऊर्जा और समर्पण के साथ सफल बनाने का आह्वान किया।
संगठन की एकजुटता के साथ अभियान को सफल बनाने का संकल्प
कार्यशाला में भाजपा पदाधिकारियों ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान को बूथ स्तर तक प्रभावी बनाने के लिए संगठन की पूरी ताकत जुटाई जाएगी। कार्यकर्ताओं के बीच जिम्मेदारियों का विभाजन कर कार्यक्रमों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने की रणनीति बनाई गई।
इस अवसर पर प्रदेश मंत्री रितु चौरसिया, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य मीना शर्मा, जिला कोषाध्यक्ष अजय पांडेय, पूर्व विधायक रामदयाल उईके, नगर पंचायत छुरीकला अध्यक्ष पदमिनी प्रीतम देवांगन, नगर पालिका दीपका अध्यक्ष राजेंद्र राजपूत, नगर पालिका बांकीमोंगरा अध्यक्ष सोनी झा, अशोक बाई कंवर, माधुरी देवी कंवर एवं शोभा जगत सहित भाजपा के जिला एवं मंडल पदाधिकारी, मोर्चा-प्रकोष्ठ के पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

More Stories

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.