⚡ कांग्रेस के आरोपों पर भाजपा का तीखा पलटवार : “जिन्होंने अपराधियों को संरक्षण दिया, उन्हें कानून-व्यवस्था पर बोलने का नैतिक अधिकार नहीं”
1 min read



भाजपा प्रवक्ता डॉ. विजयशंकर मिश्रा ने कांग्रेस पर साधा निशाना, बोले— भूपेश सरकार में अपराध, माफियाराज और नशे का नेटवर्क फला-फूला, भाजपा सरकार ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति पर कर रही काम
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**//** रायपुर। छत्तीसगढ़ की कानून-व्यवस्था को लेकर कांग्रेस द्वारा उठाए जा रहे सवालों पर भारतीय जनता पार्टी ने जोरदार पलटवार किया है। भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता डॉ. विजयशंकर मिश्रा ने कांग्रेस के आरोपों को पूरी तरह निराधार, अवसरवादी और राजनीतिक नौटंकी बताते हुए कहा कि जिस पार्टी के शासनकाल में अपराधियों को सत्ता का संरक्षण मिला, वही आज कानून-व्यवस्था का पाठ पढ़ाने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा कि यह स्थिति बिल्कुल वैसी ही है जैसे “सौ चूहे खाकर बिल्ली हज को चली।”
डॉ. मिश्रा ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि कांग्रेस अपने पांच वर्षों के शासनकाल का इतिहास भूल चुकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के कार्यकाल में प्रदेश में अपराध, माफियाराज, भ्रष्टाचार और नशे के अवैध कारोबार को खुला संरक्षण मिला। उस समय अपराधियों के हौसले इतने बुलंद थे कि आम जनता खुद को असुरक्षित महसूस करने लगी थी।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस शासन की सबसे बड़ी पहचान “राजनीति का अपराधीकरण और अपराधियों का कांग्रेसीकरण” रही। शराब माफिया, सट्टा-जुआ गिरोह, गांजा और अन्य नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार से जुड़े तत्वों को राजनीतिक संरक्षण मिलने के कारण कानून का डर समाप्त हो गया था। डॉ. मिश्रा ने आरोप लगाया कि उस दौर में पुलिस प्रशासन पर राजनीतिक दबाव बनाया जाता था और थानों का उपयोग निष्पक्ष कानून व्यवस्था के बजाय राजनीतिक हित साधने के लिए किया जाता था।
भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि आज कांग्रेस जिन मुद्दों पर सरकार को घेरने का प्रयास कर रही है, उन्हीं समस्याओं की जड़ उसके अपने शासनकाल में तैयार हुई थी। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता सब कुछ देख चुकी है और उसे यह अच्छी तरह याद है कि अपराध और अवैध कारोबार को किस शासन में बढ़ावा मिला था।
डॉ. विजयशंकर मिश्रा ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में भाजपा सरकार अपराध और अपराधियों के खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति पर पूरी मजबूती से काम कर रही है। कानून हाथ में लेने वाले किसी भी व्यक्ति को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा, चाहे उसका राजनीतिक प्रभाव कितना भी बड़ा क्यों न हो। सरकार का स्पष्ट संदेश है कि प्रदेश में कानून का राज सर्वोपरि रहेगा और अपराधियों के लिए किसी प्रकार की रियायत नहीं होगी।
उन्होंने कांग्रेस नेताओं से कहा कि जनता को भ्रमित करने के बजाय उन्हें पहले अपने शासनकाल की कार्यप्रणाली पर आत्ममंथन करना चाहिए। डॉ. मिश्रा ने कहा कि प्रदेश की जागरूक जनता यह भली-भांति जानती है कि छत्तीसगढ़ में अपराध, माफियाराज और नशे के नेटवर्क की नींव किस दौर में रखी गई थी। भाजपा सरकार कानून व्यवस्था को मजबूत करने, अपराध पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने और प्रदेश को सुरक्षित बनाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।


