गोठान की सुरक्षा और ग्राम विकास को लेकर पंचायत का बड़ा कदम, झूठे आरोपों के खिलाफ थाने पहुंची ग्राम पंचायत तुलसी
1 min read



त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**//** तिल्दा-नेवरा।ग्राम पंचायत तुलसी में गोठान की सुरक्षा, शासकीय भूमि के संरक्षण और ग्राम विकास को नई दिशा देने की पहल के बीच विवाद का नया मोड़ सामने आया है। पंचायत प्रतिनिधियों ने आरोप लगाया है कि कुछ लोग विकास कार्यों को बदनाम करने के उद्देश्य से झूठी शिकायतें, अफवाहें और भ्रामक प्रचार कर रहे हैं। इसे गंभीर मानते हुए ग्राम पंचायत के सरपंच, उपसरपंच एवं पंचों ने नेवरा थाना पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई है तथा दोषियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
पंचायत प्रतिनिधियों का कहना है कि ग्राम पंचायत तुलसी में गोठान को सुरक्षित एवं संरक्षित रखने के साथ-साथ शासकीय भूमि को अवैध कब्जों से बचाने के उद्देश्य से व्यावसायिक परिसर विकसित करने की योजना बनाई गई है। यह पूरी प्रक्रिया पंचायत अधिनियम एवं निर्धारित नियमों के अनुरूप की जा रही है। पंचायत का स्पष्ट कहना है कि अभी तक किसी भी दुकान का निर्माण प्रारंभ नहीं हुआ है और न ही किसी प्रकार की बिक्री अथवा आवंटन की प्रक्रिया की गई है।
गोठान के संरक्षण में होगी व्यावसायिक परिसर की आय का उपयोग
ग्राम पंचायत ने बताया कि प्रस्तावित व्यावसायिक परिसर से भविष्य में जो किराया प्राप्त होगा, उसका उपयोग गोठान के रखरखाव, गौवंश के संरक्षण, संवर्धन तथा ग्राम विकास के अन्य कार्यों में किया जाएगा। पंचायत का दावा है कि इस निर्णय को ग्राम सभा की सहमति, पंचायत प्रतिनिधियों और ग्रामीणों के समर्थन के बाद आगे बढ़ाया जा रहा है।
झूठे प्रचार से पंचायत की छवि धूमिल करने का आरोप
शिकायत पत्र में कहा गया है कि कुछ लोग यह अफवाह फैला रहे हैं कि पंचायत लाखों रुपये लेकर दुकानें बेच रही है तथा धन की मांग की जा रही है। पंचायत ने इन आरोपों को पूरी तरह निराधार और भ्रामक बताते हुए कहा कि ऐसे प्रचार का उद्देश्य केवल पंचायत की छवि खराब करना और विकास कार्यों में बाधा उत्पन्न करना है।
शिकायतकर्ता की पहचान पर भी उठाए सवाल
पंचायत प्रतिनिधियों ने अपने आवेदन में यह भी उल्लेख किया है कि जिस महिला के नाम से शिकायत किए जाने की बात सामने आई है, उसका नाम सोमती जांगड़े बताया जा रहा है। पंचायत का कहना है कि उन्हें इस नाम की महिला के संबंध में कोई स्पष्ट जानकारी नहीं है। इसलिए पूरे मामले की निष्पक्ष एवं तथ्यात्मक जांच कर वास्तविक स्थिति सामने लाने की मांग की गई है।
अवैध कब्जों पर रोक लगाने के लिए लिया गया निर्णय
पंचायत प्रतिनिधियों का कहना है कि ग्राम पंचायत की कई शासकीय भूमि पर लगातार अवैध कब्जे किए जा रहे हैं। इन जमीनों को सुरक्षित रखने तथा भविष्य में ग्राम हित में उपयोग सुनिश्चित करने के लिए व्यावसायिक परिसर निर्माण का निर्णय लिया गया है। उनका कहना है कि यह कदम ग्राम विकास, पंचायत की आय बढ़ाने और सार्वजनिक संपत्ति की सुरक्षा के उद्देश्य से उठाया गया है।
प्रेस क्लब से भी की जिम्मेदार पत्रकारिता की अपील
मामले को लेकर सरपंच, उपसरपंच और पंचों ने प्रेस क्लब तिल्दा-नेवरा के अध्यक्ष को भी लिखित आवेदन सौंपा है। आवेदन में अनुरोध किया गया है कि किसी भी समाचार के प्रकाशन से पहले सभी तथ्यों एवं दस्तावेजों की निष्पक्ष जांच की जाए तथा अपुष्ट या अफवाह आधारित खबरों के प्रकाशन से बचा जाए, ताकि जनता तक सही और प्रमाणिक जानकारी पहुंचे।
कानूनी कार्रवाई की मांग
ग्राम पंचायत तुलसी के जनप्रतिनिधियों ने प्रशासन और पुलिस से मांग की है कि झूठी शिकायत, अफवाह फैलाने तथा पंचायत की छवि धूमिल करने वालों की निष्पक्ष जांच कर उनके विरुद्ध नियमानुसार कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए, जिससे ग्राम विकास कार्यों में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो और ग्रामीणों का विश्वास बना रहे।


