November 3, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

 

 

 

लाल पारंपरिक परिधानों में सजीं महिलाओं ने नृत्य, सोलह श्रृंगार और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से मोहा मन, नवप्रभा सेवा समिति का अनूठा आयोजन बना आकर्षण का केंद्र; पत्रकारों को राष्ट्रीय एकता सम्मान से किया गया सम्मानित

 त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**// कोरबा। अखंड सौभाग्य, अटूट विश्वास और दांपत्य प्रेम के पावन पर्व करवा चौथ के अवसर पर कोरबा में महिलाओं की प्रतिभा, कला, संस्कृति और उत्साह का ऐसा शानदार संगम देखने को मिला, जिसने पूरे आयोजन को यादगार बना दिया। नवप्रभा सेवा समिति, कोरबा छत्तीसगढ़ द्वारा आयोजित ‘सौभाग्यवती भवः-2026’ का चतुर्थ वर्ष का भव्य आयोजन 31 अक्टूबर, शनिवार को होटल श्री गणेश इन, टी.पी. नगर, कोरबा में गरिमामय एवं आकर्षक वातावरण में संपन्न हुआ। होटल श्री गणेश इन की शानदार आयोजन व्यवस्था, सुसज्जित परिसर और उत्सवी माहौल ने कार्यक्रम की भव्यता में चार चांद लगा दिए। महिलाओं की उत्साहपूर्ण भागीदारी और रंगारंग प्रस्तुतियों ने इस आयोजन को सामान्य उत्सव से अलग एक विशेष पहचान प्रदान की।

करवा चौथ के अवसर पर महिलाओं ने पूरे विधि-विधान और श्रद्धा के साथ निर्जला व्रत रखकर अपने पति की दीर्घायु, सुख-समृद्धि एवं परिवार की खुशहाली की मंगलकामना की। इसके पश्चात लाल पारंपरिक परिधानों में सजी महिलाओं ने अपनी प्रतिभा, आत्मविश्वास और रचनात्मकता का शानदार प्रदर्शन किया। पूरे आयोजन में उत्साह, उमंग और सांस्कृतिक रंगों की खूबसूरत छटा देखने को मिली। प्रतियोगिताओं में 53 प्रतिभागियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और अपनी कला से उपस्थित अतिथियों एवं दर्शकों का मन मोह लिया।

 

 

कार्यक्रम में डुएट डांस, सोलो डांस और सोलह श्रृंगार जैसी आकर्षक प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। डुएट डांस में मंदीप कौर एवं ललिता सरज ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। संतोषी सिंह एवं राशिद बेगम द्वितीय तथा राधा चंद्रा एवं रंजना सिंह तृतीय स्थान पर रहीं। सोलो डांस प्रतियोगिता में संतोषी सिंह ने प्रथम, नीतू साहू ने द्वितीय और मंदीप कौर ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।

सोलह श्रृंगार प्रतियोगिता में राधा चंद्रा बनीं प्रथम विजेता, जबकि रंजना सिंह ने द्वितीय, सीमा चेलकर ने तृतीय और रंजीता कश्यप ने चतुर्थ स्थान हासिल किया। कार्यक्रम में सबसे कम उम्र की प्रतिभागी एवं अपनी स्वाभाविक सुंदरता और मासूमियत से सबका ध्यान आकर्षित करने वाली रिया साहू को विशेष रूप से सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम को सफल और निष्पक्ष बनाने के लिए निर्णायक मंडल में नेहा चौधरी, संगीता पालीवाल (अध्यक्ष, अग्रवाल महिला मंडल, दर्री-जमनीपाली), वंदना शाह (सौभाग्यवती भवः-2025) तथा प्रिया पटेल (मिसेज छत्तीसगढ़ फर्स्ट रनरअप-2026) शामिल रहीं। निर्णायकों ने प्रतिभागियों की कला, प्रस्तुति, आत्मविश्वास और रचनात्मकता के आधार पर विजेताओं का चयन किया।

 

 

पत्रकारों को मिला राष्ट्रीय एकता सम्मान

इस आयोजन में सामाजिक सरोकार और राष्ट्रीय एकता का संदेश भी विशेष आकर्षण रहा। गणेश शंकर विद्यार्थी की स्मृति एवं सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर कार्यक्रम में उपस्थित पत्रकारों को ‘पत्रकार राष्ट्रीय एकता सम्मान’ प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस पहल के माध्यम से पत्रकारिता के योगदान और समाज में एकता, सद्भाव तथा जागरूकता के महत्व को रेखांकित किया गया।

प्रमुख संस्थानों का मिला सहयोग

इस भव्य आयोजन के प्रायोजक शिवाय हॉस्पिटल की डॉ. यशा मित्तल, ओजोन न्यूरो सेंटर के डॉ. प्रदीप त्रिपाठी, किसना डायमंड एंड गोल्ड ज्वेलर्स (हरि कृष्णा ग्रुप) की निकिता हौसला अग्रवाल तथा श्री शांति भाई स्वीट की वंदना राजा शाह रहे। प्रायोजकों के सहयोग से आयोजन को विशेष स्वरूप मिला।

 

 

छह वर्षों से सेवा, सम्मान और आत्मनिर्भरता का अभियान

आयोजक एवं नवप्रभा सेवा समिति की अध्यक्ष कविता सोनी ने बताया कि समिति पिछले छह वर्षों से महिलाओं, बच्चों, दिव्यांगजनों और ट्रांसजेंडर समुदाय के लोगों का मनोबल बढ़ाने तथा उन्हें नए विचारों के साथ आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित करने की दिशा में निरंतर कार्य कर रही है। उनका उद्देश्य केवल सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित करना नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक वर्ग को अपनी प्रतिभा पहचानने, आगे बढ़ने और अपनी अलग पहचान बनाने का अवसर प्रदान करना है। जब अलग-अलग पृष्ठभूमि के लोग एक-दूसरे से मिलते हैं, परिचित होते हैं और अपने अनुभव साझा करते हैं, तो उनके भीतर नए दृष्टिकोण और संभावनाओं का विकास होता है।

इस आयोजन में अध्यक्ष कविता सोनी के साथ उपाध्यक्ष रीना साहू, कोषाध्यक्ष राकेश सोनी तथा दीपान सोनी, मोनिका गुप्ता, आकांक्षा गुप्ता, मोनिका अग्रवाल, गार्गी भारिया, सलमान जोहरा, हर्षिता साहू, दीपक साहू एवं जयेश सोनी का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

‘सौभाग्यवती भवः-2026’ ने यह साबित किया कि जब महिलाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच मिलता है, तो वे अपनी कला, आत्मविश्वास और ऊर्जा से पूरे समाज को प्रेरित कर सकती हैं। होटल श्री गणेश इन, टी.पी. नगर में आयोजित यह चतुर्थ वर्ष का समारोह करवा चौथ की परंपरा, महिला सशक्तिकरण, सांस्कृतिक विरासत और सामाजिक समरसता का खूबसूरत संगम बनकर यादगार रहा।

More Stories

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.