November 3, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

 

 

 

 

कमला नेहरू महाविद्यालय में ‘लोकतंत्र के लिए युवा’ विषय पर प्रभावशाली युवा संवाद, महापौर ने युवाओं को दिलाई लोकतंत्र की रक्षा और संवैधानिक कर्तव्यों के निर्वहन की शपथ

त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**// कोरबा। भारत की युवा शक्ति केवल देश का भविष्य नहीं, बल्कि वर्तमान की सबसे बड़ी ताकत भी है। युवाओं के सामर्थ्य, ऊर्जा, जागरूकता और सकारात्मक सोच के बल पर ही भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का संकल्प पूरा होगा। विकसित भारत-2047 का सपना तभी साकार होगा, जब देश का प्रत्येक युवा अपने अधिकारों के साथ-साथ कर्तव्यों के प्रति भी सजग होगा। युवाओं को स्वयं जागरूक बनकर परिवार, समाज और आसपास के लोगों को भी जागरूक करने की जिम्मेदारी निभानी होगी।

यह उद्बोधन नगर निगम कोरबा की महापौर संजूदेवी राजपूत ने सोमवार को कमला नेहरू महाविद्यालय में आयोजित ‘लोकतंत्र के लिए युवा’ विषयक युवा संवाद कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में दिया। उन्होंने छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि भारत की युवा आबादी देश की सबसे बड़ी पूंजी है और इसी सामर्थ्य के दम पर विकासशील भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।

महाविद्यालय के बीएड सभागार में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती एवं युवाओं के प्रेरणास्रोत स्वामी विवेकानंद के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इसके पश्चात राष्ट्रगीत, छत्तीसगढ़ के राजकीय गीत एवं राष्ट्रगान का सामूहिक गायन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता कमला नेहरू महाविद्यालय समिति के अध्यक्ष किशोर शर्मा ने की। विशिष्ट अतिथि एवं मुख्य वक्ता के रूप में भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी, माय भारत कार्यक्रम की जिला युवा अधिकारी ईशा गौतम, भाजयुमो जिलाध्यक्ष वैभव शर्मा तथा महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. प्रशांत बोपापुरकर उपस्थित रहे।

 

 

भारत की युवा आबादी दुनिया के लिए बड़ी ताकत : किशोर शर्मा

महाविद्यालय समिति के अध्यक्ष किशोर शर्मा ने कहा कि लोकतंत्र का अर्थ केवल आंदोलन और प्रदर्शन करना नहीं, बल्कि जनता के हित में जनता द्वारा चुनी गई सरकार की व्यवस्था को समझना और उसकी मजबूती में योगदान देना है। आज पूरी दुनिया भारत की विशाल युवा आबादी को देख रही है। ऐसे में युवाओं को अपनी ताकत, अधिकार और जिम्मेदारियों की पहचान करनी होगी। उन्होंने कहा कि देश के लगभग 95 करोड़ युवाओं को मनोवैज्ञानिक एवं वैचारिक रूप से परिपक्व बनाकर राष्ट्र की जिम्मेदारी सौंपने की दिशा में काम करना आवश्यक है। युवाओं को अपनी ऊर्जा सही दिशा में लगाकर राष्ट्र निर्माण में भागीदारी निभानी चाहिए।

आंदोलन नहीं, विकसित भारत का लक्ष्य चाहता है देश का युवा : गोपाल मोदी

भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी ने अपने संबोधन में कहा कि भारत विश्व का सबसे बड़ा लोकतांत्रिक देश है और इसकी सबसे बड़ी शक्ति युवा आबादी है। आज का युवा केवल आंदोलन और प्रदर्शन तक सीमित नहीं रहना चाहता, बल्कि विकसित भारत का लक्ष्य हासिल करने में अपनी भूमिका निभाना चाहता है। उन्होंने कहा कि देश जिस गति से विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है, उसमें युवाओं की सक्रिय भागीदारी बेहद महत्वपूर्ण है। युवाओं को लोकतांत्रिक व्यवस्था को समझते हुए राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखना चाहिए।

युवा देश का भविष्य ही नहीं, वर्तमान का मजबूत स्तंभ भी : डॉ. प्रशांत बोपापुरकर

महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. प्रशांत बोपापुरकर ने स्वागत उद्बोधन में कहा कि युवा देश का भविष्य होने के साथ-साथ वर्तमान का सबसे मजबूत स्तंभ भी हैं। युवाओं को अपनी आंतरिक क्षमताओं, अधिकारों और जिम्मेदारियों को पहचानना होगा। उन्होंने कहा कि आपका वोट आपकी आवाज है। लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए युवाओं की जागरूकता और सक्रिय सहभागिता आवश्यक है। विकसित भारत-2047 के लक्ष्य को हासिल करने में प्रत्येक युवा अपनी जिम्मेदारी समझे।

एसआईआर पर मिली जानकारी, विद्यार्थियों ने पूछे सवाल

कार्यक्रम के दौरान गुरु घासीदास केंद्रीय विश्वविद्यालय से आए युवा छात्र गगन शर्मा ने पीपीटी प्रस्तुतिकरण के माध्यम से एसआईआर (विशेष गहन पुनरीक्षण) से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां साझा कीं। बीएड प्रथम वर्ष की छात्रा नीलिमा पांडेय सहित अन्य विद्यार्थियों ने विभिन्न प्रश्न पूछकर अपनी जिज्ञासाओं का समाधान प्राप्त किया। इससे कार्यक्रम संवादात्मक और ज्ञानवर्धक बना।

कार्यक्रम का संचालन अंग्रेजी विभागाध्यक्ष ब्रिजेश तिवारी ने किया तथा आभार प्रदर्शन एनएसएस जिला संगठक वायके तिवारी ने किया। अंत में महापौर संजूदेवी राजपूत ने उपस्थित सभी लोगों को लोकतंत्र की रक्षा, संवैधानिक कर्तव्यों का पूरी ईमानदारी एवं निष्ठा से निर्वहन करने और विकसित भारत-2047 के लक्ष्य की प्राप्ति में योगदान देने की शपथ दिलाई। इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राध्यापक, कर्मचारी, छात्र-छात्राएं एवं क्षेत्र के युवा बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

More Stories

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.