विकास की रफ्तार, संस्कृति का उल्लास और उपलब्धियों का उत्सव… कोरबा में राज्योत्सव की शाम बनी यादगार
1 min read
कैबिनेट मंत्री लखनलाल देवांगन के मुख्य आतिथ्य में जिला स्तरीय राज्योत्सव-2026 का भव्य आयोजन, सुनील सोनी के गीतों पर देर रात तक झूमे दर्शक
गरीब, किसान, महिला और युवाओं के कल्याण से प्रदेश में विकास के नए आयाम स्थापित हो रहे हैं – मंत्री लखनलाल देवांगन | विधायक प्रेमचंद पटेल ने छत्तीसगढ़ को कृषि, संस्कृति और खनिज संपदा से समृद्ध बताया | कलेक्टर कुणाल दुदावत ने प्रस्तुत किया जिले की विकास यात्रा का रिपोर्ट कार्ड
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**// कोरबा, 3 नवंबर। छत्तीसगढ़ के 26 वर्षों के विकास सफर, उपलब्धियों और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का अनूठा संगम मंगलवार को कोरबा के डॉ. भीमराव अंबेडकर ओपन ऑडिटोरियम में देखने को मिला। अवसर था जिला स्तरीय छत्तीसगढ़ राज्योत्सव-2026 का, जहां विकास की उपलब्धियों से सजे विभागीय प्रदर्शनी स्टॉल, जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी और रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने पूरे आयोजन को उत्सवमय बना दिया। कैबिनेट मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री लखनलाल देवांगन के मुख्य आतिथ्य में आयोजित समारोह में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और बड़ी संख्या में नागरिकों की उपस्थिति रही।

मंत्री लखनलाल देवांगन ने गिनाईं विकास और जनकल्याण की उपलब्धियां
मुख्य अतिथि मंत्री लखनलाल देवांगन ने दीप प्रज्वलित कर समारोह का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी ने छत्तीसगढ़ राज्य का निर्माण कर प्रदेशवासियों को अलग पहचान और विकास का अवसर दिया। राज्य गठन के बाद से छत्तीसगढ़ ने विभिन्न क्षेत्रों में विकास की नई ऊंचाइयां हासिल की हैं।
मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश में गरीबों, किसानों, मजदूरों, महिलाओं और युवाओं के कल्याण के लिए योजनाएं संचालित की जा रही हैं। उन्होंने प्रमुख योजनाओं का उल्लेख करते हुए बताया कि सरकार बनने के बाद 18 लाख प्रधानमंत्री आवासों के लिए राशि जारी की गई। किसानों से 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से प्रति एकड़ 21 क्विंटल तक धान खरीदी की जा रही है। दो वर्षों के बकाया धान बोनस का भुगतान किया गया है। महतारी वंदन योजना के तहत महिलाओं को प्रतिमाह एक हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जा रही है। इसके साथ ही तेंदूपत्ता संग्रहण, चरण पादुका और रामलला दर्शन योजना के माध्यम से भी हितग्राहियों को लाभान्वित किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि जिला खनिज संस्थान न्यास की राशि से कोरबा जिले में शिक्षा, स्वास्थ्य, आंगनबाड़ी, स्कूल भवन, आश्रम-छात्रावास और पुल-पुलियों सहित अनेक विकास कार्यों को गति मिली है। वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र और छत्तीसगढ़ को विकसित राज्य बनाने के लक्ष्य के साथ सभी को मिलकर काम करना होगा।
विधायक प्रेमचंद पटेल ने बताया छत्तीसगढ़ की समृद्ध पहचान
कटघोरा विधायक प्रेमचंद पटेल ने कहा कि छत्तीसगढ़ को धान के बेहतर उत्पादन के कारण देश-दुनिया में धान का कटोरा कहा जाता है। राज्य ने कृषि, उद्योग, संस्कृति और खनिज संपदा के क्षेत्र में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है। हरेली, तीजा, पोरा जैसे पारंपरिक त्योहार और सुआ, ददरिया तथा पंडवानी जैसी लोककलाएं प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत को समृद्ध बनाती हैं।
उन्होंने महानदी, इंद्रावती, शिवनाथ, हसदेव और अरपा जैसी नदियों के साथ गंगरेल और मिनीमाता बांगो बांध का उल्लेख करते हुए कहा कि जल संसाधन प्रदेश की कृषि और बिजली उत्पादन की महत्वपूर्ण ताकत हैं। कोयला, लोहा और बॉक्साइट जैसे खनिजों ने भी छत्तीसगढ़ को औद्योगिक पहचान दिलाई है।

महापौर और जिला पंचायत अध्यक्ष ने दी राज्योत्सव की शुभकामनाएं
जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन सिंह और महापौर संजूदेवी राजपूत ने जिलेवासियों को राज्योत्सव की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि राज्य निर्माण के बाद अनेक चुनौतियों के बावजूद छत्तीसगढ़ ने विकास के विभिन्न क्षेत्रों में अपनी पहचान बनाई है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश में सभी वर्गों के कल्याण और विकास के लिए योजनाएं संचालित की जा रही हैं।
कलेक्टर ने रखा कोरबा के विकास का रिपोर्ट कार्ड, महिला सशक्तिकरण पर विशेष जोर
समारोह में कलेक्टर कुणाल दुदावत ने जिले की विकास यात्रा और शासन की योजनाओं की उपलब्धियों का विस्तृत प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। उन्होंने कहा कि ऊर्जा नगरी कोरबा की खदानें, बालको का एल्युमिनियम उद्योग तथा एनटीपीसी और सीएसपीजीसीएल के विद्युत संयंत्र देश की ऊर्जा जरूरतों को पूरा करने में महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं। हसदेव बांगो बांध, वन संपदा और जनजातीय संस्कृति जिले की विशिष्ट पहचान हैं।
राज्योत्सव की थीम ‘नारी शक्ति, युवा उड़ान’ का उल्लेख करते हुए उन्होंने बताया कि महतारी वंदन योजना से जिले की लगभग 2 लाख 90 हजार महिलाएं लाभान्वित हो रही हैं। स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से करीब डेढ़ लाख महिलाओं को संगठित किया गया है, जिनमें 60 हजार से अधिक महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं। ड्रोन दीदी योजना के तहत 10 महिलाओं को प्रशिक्षण दिया गया है।
शिक्षा के क्षेत्र में उपलब्धियां बताते हुए उन्होंने कहा कि सत्र 2025-26 में हाईस्कूल का परीक्षा परिणाम 77.58 प्रतिशत और हायर सेकेंडरी का 83.48 प्रतिशत रहा। छात्राओं का उत्तीर्ण प्रतिशत 87.13 दर्ज किया गया। उन्होंने लगभग 25 करोड़ रुपये की लागत से 1.30 लाख वर्गफीट क्षेत्र में बनने वाले साइंस सेंटर की जानकारी देते हुए कहा कि यह प्रदेश के सबसे बड़े साइंस सेंटर के रूप में विकसित होगा। इससे विद्यार्थियों को विज्ञान के प्रयोगों और व्यावहारिक गतिविधियों के माध्यम से सीखने के आधुनिक अवसर मिलेंगे।

विभागीय स्टॉल बने आकर्षण का केंद्र, अतिथियों ने लिया योजनाओं का जायजा
राज्योत्सव स्थल पर विभिन्न शासकीय विभागों एवं सार्वजनिक उपक्रमों द्वारा आकर्षक स्टॉल लगाए गए थे। मंत्री लखनलाल देवांगन सहित अन्य अतिथियों ने इनका अवलोकन कर योजनाओं की प्रगति और उपलब्धियों की जानकारी ली। महिला एवं बाल विकास विभाग के स्टॉल में नन्हे बच्चों का अन्नप्राशन कराया गया। वन विभाग के स्टॉल पर स्थानीय उत्पादों की प्रदर्शनी आकर्षण का केंद्र रही।
जिला पंचायत, नगर निगम, पुलिस, समाज कल्याण, आदिम जाति विकास, शिक्षा, क्रेडा, स्वास्थ्य, कृषि, उद्यानिकी, मत्स्य, पशुपालन, जनसंपर्क, उद्योग, एसईसीएल, एनटीपीसी और बालको सहित विभिन्न विभागों ने अपनी योजनाओं और उपलब्धियों को प्रदर्शित किया। स्टॉल के माध्यम से नागरिकों को योजनाओं की जानकारी देने के साथ पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित भी किया गया।
सुनील सोनी के जसगीत और छत्तीसगढ़ी गीतों ने बांधा समां
राज्योत्सव की शाम सांस्कृतिक रंगों से भी सराबोर रही। छत्तीसगढ़ के लोकप्रिय गायक सुनील सोनी सहित स्थानीय कलाकारों और स्कूली छात्र-छात्राओं ने शानदार प्रस्तुतियां दीं। सुनील सोनी के जसगीत और छत्तीसगढ़ी गीतों ने दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया। देर रात तक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का सिलसिला चलता रहा और पूरा ऑडिटोरियम छत्तीसगढ़ी लोकधुनों से गूंजता रहा।
ये रहे उपस्थित
समारोह में राज्य हाथकरघा बोर्ड के अध्यक्ष भोजराम देवांगन, भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी, डॉ. राजीव सिंह, नरेंद्र देवांगन, अशोक चावलानी, हितानंद अग्रवाल, प्रफुल्ल तिवारी, योगेश जैन, पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी, जिला पंचायत सीईओ प्रतीक जैन, निगम आयुक्त आशुतोष पांडेय, वनमंडलाधिकारी कटघोरा जितेंद्र उपाध्याय सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि, विभागीय अधिकारी और बड़ी संख्या में नगरवासी उपस्थित रहे।
