संत गुरु रविदास की 650वीं जयंती पर प्रदेशभर में निकलेगा कलश वंदन अभियान, 2027 की माघ पूर्णिमा पर रहेगा सार्वजनिक अवकाश
1 min read



त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**//** रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती के अवसर पर प्रदेश स्तरीय कलश वंदन अभियान का शुभारंभ करते हुए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। उन्होंने कहा कि यह अभियान 29 जुलाई 2026 से फरवरी 2027 तक पूरे छत्तीसगढ़ में चलेगा और पवित्र कलश शहरों, नगरों तथा गांवों में पहुंचकर समाज को एकता और समरसता के सूत्र में बांधेगा।
मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि वर्ष 2027 की माघ पूर्णिमा पर संत रविदास जी की 650वीं जयंती के अवसर पर पूरे छत्तीसगढ़ में सार्वजनिक अवकाश रहेगा। इस दिन मांस एवं मदिरा की बिक्री भी प्रतिबंधित रहेगी।
इसके साथ ही संत गुरु रविदास राज्य अलंकरण पुरस्कार प्रारंभ करने तथा छत्तीसगढ़ विधानसभा की दीवारों पर गुरु रविदास जी के प्रेरक संदेश अंकित कराने का भी निर्णय लिया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि संत रविदास जी के विचार सामाजिक समरसता, समानता और मानवता के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेंगे।


