August 3, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

 

त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**//** रायपुर। संत शिरोमणि गुरु रविदास जी की 650वीं जयंती के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी सामाजिक समरसता और सद्भाव का संदेश पूरे प्रदेश में पहुंचाने के लिए मंगलवार 4 अगस्त को राजधानी रायपुर से प्रदेशस्तरीय भव्य कलश वंदन अभियान का शुभारंभ करेगी। विज्ञान महाविद्यालय परिसर स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में आयोजित इस गरिमामय कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, प्रदेश के पूज्य साधु-संत तथा विभिन्न समाजों के प्रमुख प्रतिनिधि शामिल होंगे।
भाजपा द्वारा आयोजित इस विशेष अभियान के तहत वाराणसी से लाई गई पवित्र माटी एवं पावन जल से युक्त कलश प्रदेश के सभी संगठनात्मक जिलों को सौंपे जाएंगे। इन कलशों के माध्यम से संत रविदास के समरसता, समानता, सामाजिक सद्भाव और मानव सेवा के संदेश को गांव-गांव और घर-घर तक पहुंचाने का अभियान चलाया जाएगा।
भाजपा के प्रदेश महामंत्री एवं अभियान के प्रदेश संयोजक अखिलेश सोनी ने बताया कि इस अवसर के लिए विशेष रूप से 36 कलश रथ तैयार किए गए हैं। कार्यक्रम के बाद ये रथ प्रदेश के सभी संगठनात्मक जिलों की ओर रवाना होंगे, जहां भव्य स्वागत, पूजन और जनसंपर्क कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके बाद प्रत्येक जिले से कलश मंडलों तक पहुंचेंगे और वहां से प्रमुख गांवों में श्रद्धा एवं सम्मान के साथ भ्रमण करेंगे।
उन्होंने बताया कि प्रत्येक मंडल में धार्मिक अनुष्ठान और पूजा-अर्चना के बाद इन पवित्र कलशों को प्रमुख मंदिरों में स्थापित किया जाएगा। इसके माध्यम से संत रविदास के विचारों को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने के साथ सामाजिक एकता, समरसता और भाईचारे का वातावरण मजबूत करने का प्रयास किया जाएगा।
भाजपा का मानना है कि संत रविदास का जीवन और उनके विचार आज भी समाज को समानता, सद्भाव और मानवता का मार्ग दिखाते हैं। इसी उद्देश्य को लेकर प्रदेशभर में कलश वंदन अभियान चरणबद्ध तरीके से संचालित किया जाएगा, ताकि उनकी 650वीं जयंती केवल एक आयोजन न रहकर सामाजिक जागरूकता और समरसता का व्यापक जनअभियान बन सके।

More Stories

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.