कॉमनवेल्थ रजत विजेता ज्ञानेश्वरी यादव का मुख्यमंत्री ने किया सम्मान, ₹30 लाख प्रोत्साहन राशि और डीएसपी पदोन्नति की घोषणा



त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**//** रायपुर। राष्ट्रमंडल खेल 2026 में महिलाओं की 53 किलोग्राम भारोत्तोलन स्पर्धा में रजत पदक जीतकर देश और छत्तीसगढ़ का गौरव बढ़ाने वाली राजनांदगांव की प्रतिभाशाली खिलाड़ी ज्ञानेश्वरी यादव का सोमवार को मुख्यमंत्री निवास में आत्मीय स्वागत एवं सम्मान किया गया।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने ज्ञानेश्वरी की ऐतिहासिक उपलब्धि की सराहना करते हुए कहा कि अपने पहले ही कॉमनवेल्थ गेम्स में रजत पदक जीतना पूरे प्रदेश के लिए गर्व का विषय है। उनकी सफलता प्रदेश की बेटियों और युवाओं के लिए प्रेरणा का सशक्त उदाहरण है।
मुख्यमंत्री ने ज्ञानेश्वरी यादव को सम्मानित करते हुए ₹30 लाख की प्रोत्साहन राशि तथा आउट ऑफ टर्न डीएसपी पद पर पदोन्नति देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं, संसाधन और प्रोत्साहन उपलब्ध कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है, ताकि प्रदेश की खेल प्रतिभाएं राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर लगातार सफलता हासिल करें।
मुख्यमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि ज्ञानेश्वरी यादव भविष्य में भी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर भारत और छत्तीसगढ़ का नाम विश्व पटल पर नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएंगी।


