शहीदों के सम्मान पर कांग्रेस को बोलने का नैतिक अधिकार नहीं, दीपक बैज पहले अपनी सरकार का रिकॉर्ड देखें : भाजपा



त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**//**रायपुर। भारतीय जनता पार्टी ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज के हालिया बयान पर तीखा पलटवार करते हुए कांग्रेस पर शहीदों और मृतकों के नाम पर राजनीति करने का आरोप लगाया है। भाजपा की प्रदेश प्रवक्ता शताब्दी पाण्डे ने कहा कि कांग्रेस को संवेदनशील मुद्दों पर राजनीति करने से पहले अपनी पूर्ववर्ती सरकार के कार्यकाल का रिकॉर्ड देखना चाहिए। उन्होंने कहा कि जिस सरकार पर शहीद जवानों के सम्मान और उनके अंतिम संस्कार को लेकर गंभीर सवाल उठे थे, उसके नेता आज नैतिकता का पाठ नहीं पढ़ा सकते।
शताब्दी पाण्डे ने कहा कि कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष दीपक बैज जिस तरह कुलगाम आतंकी हमले में जान गंवाने वाले छत्तीसगढ़ के मजदूरों के मामले को लेकर भाजपा सरकार पर सवाल उठा रहे हैं, वह केवल राजनीतिक लाभ लेने का प्रयास है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस अपने शासनकाल की विफलताओं को भुलाकर जनता को भ्रमित करने की कोशिश कर रही है।
भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि भूपेश बघेल सरकार के कार्यकाल में बस्तर में नक्सली हमलों में शहीद हुए जवानों के सम्मान और उनके पार्थिव शरीर को गृह ग्राम तक पहुंचाने को लेकर गंभीर विवाद सामने आए थे। ऐसे घटनाक्रमों को प्रदेश की जनता भूली नहीं है। उन्होंने कहा कि उस समय कांग्रेस नेतृत्व की संवेदनशीलता दिखाई नहीं दी, लेकिन आज वही नेता भाजपा सरकार पर सवाल उठा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि भाजपा की सरकार प्रदेश के नागरिकों, श्रमिकों और सुरक्षा बलों के सम्मान और सुरक्षा के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है। किसी भी संवेदनशील घटना पर सरकार पूरी गंभीरता से कार्य करती है और हर संभव सहायता उपलब्ध कराती है। इसके विपरीत कांग्रेस हर दुखद घटना को राजनीतिक हथियार बनाकर जनता के बीच भ्रम फैलाने का प्रयास करती रही है।
शताब्दी पाण्डे ने कहा कि प्रदेश की जनता कांग्रेस की कथनी और करनी का अंतर अच्छी तरह समझ चुकी है। उन्होंने कांग्रेस नेतृत्व से आग्रह किया कि शहीदों और मृतकों जैसे संवेदनशील विषयों पर राजनीतिक बयानबाजी करने के बजाय जिम्मेदार विपक्ष की भूमिका निभाए तथा तथ्यों के आधार पर अपनी बात रखे।


