“नशे के खिलाफ कोरबा का महाअभियान: युवाओं ने लिया विकसित भारत का संकल्प, मंत्री लखनलाल देवांगन बोले– नशा भविष्य का सबसे बड़ा दुश्मन”
1 min read



त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**//**कोरबा। नशामुक्त भारत के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने की दिशा में सोमवार को शासकीय ई.वी.पी.जी. महाविद्यालय में जिला स्तरीय “नशामुक्त युवा फॉर विकसित भारत संकल्प अभियान” का भव्य आयोजन हुआ। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशभर में इस अभियान का वर्चुअल शुभारंभ करते हुए युवाओं से नशे से दूर रहकर वर्ष 2047 तक विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं, युवाओं, एनसीसी कैडेट, एनएसएस स्वयंसेवकों और सामाजिक संगठनों ने नशामुक्त जीवन का संकल्प लिया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि छत्तीसगढ़ शासन के वाणिज्य, उद्योग, वाणिज्य कर (आबकारी) एवं श्रम मंत्री लखनलाल देवांगन ने कहा कि नशा किसी भी व्यक्ति के सपनों, प्रतिभा और भविष्य को धीरे-धीरे समाप्त कर देता है। उन्होंने कहा कि जो युवा नशे से दूरी बनाकर अनुशासन, शिक्षा और सकारात्मक सोच को अपनाते हैं, वही देश की असली ताकत बनते हैं। उन्होंने युवाओं से स्वयं नशामुक्त रहने के साथ अपने परिवार और मित्रों को भी इस सामाजिक बुराई के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया।
मंत्री देवांगन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का विकसित भारत-2047 का संकल्प तभी साकार होगा, जब देश का युवा स्वस्थ, जागरूक और जिम्मेदार नागरिक बनेगा। उन्होंने विद्यार्थियों से जीवन में बड़ा लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर मेहनत करने की अपील करते हुए महाविद्यालय की आवश्यक समस्याओं के समाधान का भी भरोसा दिलाया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कलेक्टर कुणाल दुदावत ने युवाओं को प्रेरित करते हुए कहा कि नशे की शुरुआत अक्सर गलत संगति से होती है, लेकिन इसका अंत पूरे परिवार और भविष्य को प्रभावित करता है। उन्होंने कहा कि यदि शुरुआत में ही नशे को ‘ना’ कह दिया जाए तो जीवन सही दिशा में आगे बढ़ता है। उन्होंने युवाओं से अपने शरीर और स्वास्थ्य की उसी तरह सुरक्षा करने की अपील की, जैसे लोग अपने नए मोबाइल या वाहन का ध्यान रखते हैं। उनका संदेश स्पष्ट था—”नशे को ‘ना’ कहें, जिंदगी को ‘हाँ’।”
कलेक्टर ने बताया कि जिले में “माय भारत युवा कार्यक्रम” के माध्यम से लगभग 56 हजार युवाओं को जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है, जिनमें 35 हजार से अधिक युवा अब तक इस अभियान से जुड़ चुके हैं। उन्होंने कहा कि प्रत्येक सप्ताह जागरूकता कार्यक्रम, नेतृत्व विकास, इंटर्नशिप, राष्ट्रीय गतिविधियों और अध्ययन यात्राओं के माध्यम से युवाओं को सकारात्मक दिशा देने का प्रयास किया जा रहा है।
कार्यक्रम की विशिष्ट अतिथि महापौर संजू देवी राजपूत ने कहा कि नशे के कारण परिवार टूट रहे हैं और समाज में अपराध बढ़ रहे हैं। इसलिए युवाओं को नशे से दूर रहकर स्वस्थ समाज और विकसित भारत के निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए। इस अवसर पर उपस्थित सभी युवाओं ने नशामुक्त जीवन जीने और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने का सामूहिक संकल्प लिया।
कार्यक्रम में “माय भारत युवा कार्यक्रम” के जिला नोडल अधिकारी सतीश प्रकाश सिंह ने अभियान की विस्तृत जानकारी दी। अतिथियों का पौध भेंटकर स्वागत किया गया।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन सिंह कँवर, नगर निगम सभापति नूतन सिंह ठाकुर, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रतीक जैन, पार्षद नरेंद्र देवांगन, प्रभारी प्राचार्य डॉ. बी.एल. साय, युवा अधिकारी ईशा गौतम, विभिन्न महाविद्यालयों एवं विद्यालयों के प्राचार्य, शिक्षक, जनप्रतिनिधि, एनसीसी कैडेट, एनएसएस स्वयंसेवक, माय भारत कैम्पस एम्बेसडर, माय भारत यूथ वालेंटियर्स तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएँ और युवा उपस्थित रहे।


