August 3, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

 

1 एमटीपीए उत्पादन लक्ष्य की दिशा में बड़ा कदम, रेल परिवहन से तेज होगी एल्यूमिना आपूर्ति और घटेगा कार्बन उत्सर्जन
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**//**  बालकोनगर, 31 जुलाई। भारत एल्यूमिनियम कंपनी लिमिटेड (बालको) ने अपनी औद्योगिक एवं लॉजिस्टिक्स क्षमता को नई मजबूती प्रदान करते हुए रेलवे यार्ड में दूसरा बीटीएपी (बोगी टैंक एल्यूमिना पाउडर) एम-1 (बी12) रेलवे रेक शामिल किया है। यह पहल कंपनी के महत्वाकांक्षी एक मिलियन टन वार्षिक उत्पादन क्षमता (1 एमटीपीए) के लक्ष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है। नए रेलवे रेक के जुड़ने से एल्यूमिना की निर्बाध, सुरक्षित और तेज आपूर्ति सुनिश्चित होगी, जिससे उत्पादन प्रक्रिया को नई गति मिलेगी।
एल्यूमिना, एल्यूमिनियम निर्माण का सबसे महत्वपूर्ण कच्चा माल है। इसकी समय पर उपलब्धता उत्पादन की निरंतरता के लिए अत्यंत आवश्यक होती है। प्रतिदिन हजारों टन एल्यूमिना लंबी दूरी तय कर बालको संयंत्र तक पहुंचता है। ऐसे में आधुनिक रेलवे रेक के जुड़ने से कंपनी की सप्लाई चेन पहले से अधिक मजबूत, विश्वसनीय और प्रभावी बनेगी।
भारतीय रेलवे की लिबरलाइज्ड स्पेशल फ्रेट ट्रेन ऑपरेटर (एलएसएफटीओ) योजना के तहत शामिल किए गए इस विशेष रेलवे रेक से रेल आधारित परिवहन को नया विस्तार मिलेगा। इससे सड़क परिवहन पर निर्भरता कम होगी, बड़ी मात्रा में एल्यूमिना का सुरक्षित और नियमित परिवहन संभव होगा तथा लॉजिस्टिक्स लागत में भी दीर्घकालिक कमी आएगी। रेल परिवहन के बढ़ते उपयोग से माल परिवहन अधिक व्यवस्थित, समयबद्ध और पर्यावरण के अनुकूल बनेगा।
बालको ने इस नए रेलवे रेक को अपने अत्याधुनिक डिजिटल लॉजिस्टिक्स नेटवर्क से भी जोड़ा है। 24×7 कंट्रोल टॉवर, जीपीएस आधारित रियल-टाइम ट्रैकिंग, केंद्रीयकृत सीसीटीवी निगरानी तथा सस्टेनेबल ऑपरेशन मॉनिटरिंग सिस्टम के माध्यम से सामग्री की आवाजाही पर लगातार निगरानी रखी जाएगी। इससे आपूर्ति श्रृंखला में पारदर्शिता बढ़ेगी, त्वरित निर्णय लेने में सुविधा होगी और संपूर्ण संचालन अधिक कुशल बनेगा।
यह निवेश केवल परिवहन सुविधा का विस्तार नहीं है, बल्कि भविष्य की औद्योगिक आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए एक स्मार्ट, मजबूत और टिकाऊ सप्लाई चेन तैयार करने की दिशा में बालको की दीर्घकालिक रणनीति का हिस्सा है। इससे उत्पादन क्षमता बढ़ाने, संसाधनों का बेहतर उपयोग करने और संचालन की दक्षता में उल्लेखनीय सुधार होगा।
पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को आगे बढ़ाते हुए बालको रेल परिवहन को प्राथमिकता दे रहा है। इससे लॉजिस्टिक्स से होने वाले कार्बन उत्सर्जन में कमी आएगी और कंपनी वेदांता के वर्ष 2050 तक नेट-ज़ीरो कार्बन लक्ष्य की दिशा में भी महत्वपूर्ण योगदान देगी।
आधुनिक तकनीक, कुशल लॉजिस्टिक्स और टिकाऊ विकास के समन्वय के साथ बालको देश के एल्यूमिनियम उद्योग में नए मानक स्थापित करने की दिशा में लगातार आगे बढ़ रहा है। नया बीटीएपी एल्यूमिना रेलवे रेक इसी दूरदर्शी सोच और औद्योगिक उत्कृष्टता का प्रतीक है।

More Stories

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.