भाजपा का ‘समरसता संकल्प अभियान’ तेज, संत रविदास के संदेश को जन-जन तक पहुंचाएगा पवित्र कलश
1 min read



त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**//** कोरबा। भारतीय जनता पार्टी ने संत शिरोमणि गुरु रविदास जी की 650वीं जयंती के उपलक्ष्य में प्रदेशव्यापी ‘समरसता संकल्प अभियान’ को गति देते हुए सामाजिक समरसता, समानता और सद्भाव के संदेश को घर-घर तक पहुंचाने का संकल्प लिया है। भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी ने बताया कि वाराणसी से लाई गई पवित्र माटी एवं जल से युक्त कलश पूरे जिले के सभी मंडलों में भ्रमण करेगा और संत रविदास के विचारों से समाज के प्रत्येक वर्ग को जोड़ने का कार्य करेगा।
गोपाल मोदी ने कहा कि संत रविदास का जीवन सामाजिक एकता, समानता और मानवता का प्रतीक है। भाजपा उनके आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से जिलेभर में विशेष कार्यक्रम, कलश यात्रा और जनसंपर्क अभियान आयोजित करेगी। यह अभियान अगले वर्ष माघ पूर्णिमा तक लगातार संचालित रहेगा, जिसके माध्यम से समाज में समरसता और सामाजिक सद्भाव का संदेश प्रसारित किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि 4 अगस्त को रायपुर स्थित पं. दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, पूज्य संत-महात्माओं तथा विभिन्न समाजों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति में पवित्र कलश का वितरण किया जाएगा। इसके बाद प्रदेश के सभी संगठन जिलों और 479 मंडलों में कलश पहुंचाए जाएंगे तथा स्थानीय स्तर पर स्वागत और जनजागरण कार्यक्रम आयोजित होंगे।
गोपाल मोदी ने कहा कि संत रविदास का संदेश केवल किसी एक समाज के लिए नहीं, बल्कि संपूर्ण मानवता के लिए प्रेरणास्रोत है। भाजपा का यह अभियान सामाजिक समरसता को मजबूत करने के साथ-साथ समाज में आपसी भाईचारे, समानता और सकारात्मक सोच को नई दिशा देने का कार्य करेगा।


