सावन उत्सव में सनातन संस्कृति की छटा, महापौर संजू देवी राजपूत का हुआ भव्य स्वागत
1 min read



त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**//** कोरबा प्रांतीय अखंड ब्राह्मण समाज, छत्तीसगढ़ (कोरबा इकाई) द्वारा टॉप एंड टाउन, कोरबा में आयोजित भव्य सावन उत्सव समारोह में नगर पालिक निगम कोरबा की महापौर संजू देवी राजपूत विशेष रूप से शामिल हुईं। कार्यक्रम स्थल पहुंचने पर समाज के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने पुष्पगुच्छ एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर उनका आत्मीय एवं भव्य स्वागत किया।
इस अवसर पर महापौर संजू देवी राजपूत ने समाज के प्रबुद्धजनों, वरिष्ठ नागरिकों, मातृशक्ति एवं युवा साथियों से आत्मीय भेंट कर सावन पर्व की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि सावन का पावन मास हमारी सनातन संस्कृति, आध्यात्मिक परंपरा और सामाजिक समरसता का प्रतीक है। ऐसे सांस्कृतिक आयोजन समाज को एकजुट करने, भारतीय संस्कारों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने तथा सामाजिक सद्भाव को मजबूत करने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं।

उन्होंने प्रांतीय अखंड ब्राह्मण समाज (कोरबा इकाई) द्वारा आयोजित इस भव्य आयोजन की सराहना करते हुए सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों को सफल आयोजन के लिए बधाई दी। साथ ही भगवान भोलेनाथ से प्रदेश एवं कोरबा नगर की सुख-समृद्धि, शांति और निरंतर विकास की कामना की।
कार्यक्रम का वातावरण भक्तिमय, सांस्कृतिक और उल्लासपूर्ण रहा। समाज की एकजुटता, सेवा भावना और सनातन संस्कृति के संरक्षण का संदेश देने वाला यह आयोजन उपस्थित लोगों के लिए यादगार बन गया। हर-हर महादेव के जयघोष के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।


