August 1, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

 

देवलाल ठाकुर का आरोप—स्मार्ट मीटर का वर्क ऑर्डर कांग्रेस शासन में हुआ जारी, अब आंदोलन कर जनता को भ्रमित कर रही पार्टी
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**//** रायपुर। स्मार्ट मीटर के मुद्दे पर भारतीय जनता पार्टी ने कांग्रेस पर तीखा राजनीतिक हमला बोलते हुए कहा है कि जिस योजना को लेकर कांग्रेस आज विरोध प्रदर्शन कर रही है, उसकी शुरुआत और कार्य आदेश स्वयं तत्कालीन भूपेश बघेल सरकार ने जारी किए थे। भाजपा ने कांग्रेस पर जनता के बीच भ्रम फैलाने और राजनीतिक लाभ के लिए दोहरी राजनीति करने का आरोप लगाया।
भाजपा प्रदेश प्रवक्ता देवलाल ठाकुर ने प्रेसवार्ता में कहा कि वर्ष 2021 में तत्कालीन कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में स्मार्ट मीटर लगाने की प्रक्रिया शुरू की गई थी। उन्होंने आरोप लगाया कि पहले यह योजना सीमित श्रेणी के उपभोक्ताओं के लिए थी, लेकिन बाद में कांग्रेस सरकार ने घरेलू उपभोक्ताओं को भी इसमें शामिल कर दिया।
उन्होंने दावा किया कि विधानसभा चुनाव की आचार संहिता लागू होने से ठीक पहले अक्टूबर 2023 में लगभग सात हजार करोड़ रुपये की टेंडर प्रक्रिया के तहत कंपनियों को जल्दबाजी में कार्य आदेश जारी किए गए। भाजपा ने सवाल उठाया कि आखिर इतनी जल्दबाजी किस कारण से की गई।
देवलाल ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस को वर्तमान सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करने के बजाय अपनी पूर्ववर्ती सरकार के फैसलों का जवाब देना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि आज जिन स्मार्ट मीटरों का कांग्रेस विरोध कर रही है, उनकी नींव उसी के शासनकाल में रखी गई थी। भाजपा का कहना है कि यदि तत्कालीन सरकार चाहती तो घरेलू उपभोक्ताओं को इस प्रक्रिया से बाहर रखा जा सकता था, लेकिन ऐसा नहीं किया गया।
भाजपा ने कांग्रेस पर जनता को गुमराह करने का आरोप लगाते हुए कहा कि स्मार्ट मीटर से जुड़े निर्णयों की राजनीतिक और प्रशासनिक जिम्मेदारी पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार की है।

More Stories

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.