कोरबा से उठेगी नशामुक्त भारत की बुलंद आवाज़: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वर्चुअल संबोधन के साथ हजारों युवा लेंगे राष्ट्र निर्माण का संकल्प
1 min read



‘नशामुक्त युवा फॉर विकसित भारत संकल्प अभियान’ का 2 अगस्त को होगा भव्य शुभारंभ, जिलेभर के शिक्षण संस्थानों में चलेगा जनजागरण अभियान
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**//** कोरबा। विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने और नशामुक्त समाज की दिशा में व्यापक जनजागरूकता फैलाने के उद्देश्य से 2 अगस्त को कोरबा में “नशामुक्त युवा फॉर विकसित भारत संकल्प अभियान” का जिला स्तरीय शुभारंभ होगा। कार्यक्रम की सबसे बड़ी विशेषता यह होगी कि देश के यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी वर्चुअल माध्यम से देशभर के हजारों केंद्रों पर उपस्थित युवाओं को संबोधित करेंगे और उन्हें नशामुक्त भारत के निर्माण का संकल्प दिलाएंगे।
युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के निर्देशन तथा कलेक्टर कुणाल दुदावत के मार्गदर्शन में संचालित “माय भारत युवा कार्यक्रम” के अंतर्गत शासकीय ई.वी.पी.जी. कॉलेज, कोरबा में रविवार 2 अगस्त को प्रातः 9:30 बजे से जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रदेश के वाणिज्य, उद्योग, वाणिज्य कर (आबकारी) एवं श्रम मंत्री लखन लाल देवांगन होंगे। विशिष्ट अतिथि के रूप में सांसद श्रीमती ज्योत्सना चरणदास महंत, विधायक प्रेमचंद पटेल, फूल सिंह राठिया, तुलेश्वर हीरासिंह मरकाम, महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन सिंह, नगर निगम सभापति नूतन सिंह ठाकुर तथा जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्रीमती निकिता मुकेश जायसवाल सहित अनेक जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति प्रस्तावित है।

माय भारत युवा कार्यक्रम के जिला नोडल अधिकारी सतीश प्रकाश सिंह ने बताया कि प्रधानमंत्री के वर्चुअल संबोधन के साथ जिले में अभियान की औपचारिक शुरुआत होगी। इसके बाद शासकीय एवं अशासकीय महाविद्यालयों, हाई स्कूलों, हायर सेकेंडरी विद्यालयों, उच्च शिक्षण संस्थानों, औद्योगिक इकाइयों, सार्वजनिक उपक्रमों तथा विभिन्न विभागों में लगातार जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
अभियान के तहत हजारों छात्र-छात्राएं और युवा “नशामुक्त युवा–नशामुक्त भारत” की शपथ लेकर समाज को नशे के दुष्प्रभावों से मुक्त बनाने का संदेश देंगे। साथ ही निबंध, भाषण, जागरूकता रैली, शपथ ग्रहण, संवाद एवं अन्य रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से युवाओं को स्वस्थ, जागरूक और जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
आयोजकों का कहना है कि यह अभियान केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि विकसित भारत के निर्माण की दिशा में युवाओं की सहभागिता का व्यापक जनआंदोलन है, जिसमें शिक्षा, जागरूकता और जनभागीदारी के माध्यम से नशामुक्त समाज का संकल्प साकार किया जाएगा।


