दो साल में बदली शिक्षा की तस्वीर, 5 हजार शिक्षकों की भर्ती से युवाओं को मिलेगा बड़ा अवसर
1 min read



त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**//** रायपुर। छत्तीसगढ़ में शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने की दिशा में राज्य सरकार लगातार महत्वपूर्ण कदम उठा रही है। भाजपा प्रदेश प्रवक्ता डॉ. विजयशंकर मिश्रा ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में बीते दो वर्षों में शिक्षा विभाग में व्यापक सुधार हुए हैं, जिससे स्कूलों में शिक्षकों की उपलब्धता बढ़ी है और विद्यार्थियों को बेहतर सुविधाएं मिल रही हैं।
उन्होंने बताया कि युक्तियुक्तकरण के माध्यम से प्रदेश के सभी शिक्षक-विहीन स्कूलों में शिक्षकों की नियुक्ति की गई है तथा एकल-शिक्षक स्कूलों की समस्या का भी समाधान हुआ है। शिक्षा व्यवस्था को और सशक्त बनाने के लिए 5,000 नए शिक्षकों की सीधी भर्ती को मंजूरी दी गई है, जिससे युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर खुलेंगे।
डॉ. मिश्रा ने कहा कि डिजिटल व्यवस्था के जरिए शिक्षकों की उपस्थिति, अवकाश और सेवा संबंधी प्रक्रियाओं को पारदर्शी बनाया गया है। वहीं, मुफ्त पाठ्यपुस्तक एवं गणवेश योजनाओं के माध्यम से लाखों विद्यार्थियों को लाभ पहुंचाया जा रहा है। सरकार का उद्देश्य गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना और प्रदेश के बच्चों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराना है।
उन्होंने विश्वास जताया कि शिक्षा क्षेत्र में किए जा रहे सुधारों से प्रदेश की नई पीढ़ी को बेहतर अवसर मिलेंगे और छत्तीसगढ़ शिक्षा के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेगा।


