मन की बात’ में कोरबा के जल संरक्षण मॉडल की गूंज, मुख्यमंत्री साय बोले— बार-बार छत्तीसगढ़ का उल्लेख पूरे प्रदेश का सम्मान
1 min read



त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**//** रायपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ की 136वीं कड़ी में एक बार फिर छत्तीसगढ़ को राष्ट्रीय स्तर पर विशेष पहचान मिली। प्रधानमंत्री द्वारा ‘कैच द रेन’ अभियान के तहत कोरबा में किए जा रहे जल संरक्षण एवं भूजल पुनर्भरण के नवाचारों की सराहना किए जाने पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इसे पूरे प्रदेश के लिए गौरव का विषय बताया।
राजधानी रायपुर के फाफाडीह स्थित दया भवन में युवाओं, जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों के साथ ‘मन की बात’ का श्रवण करने के बाद मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री का यह कार्यक्रम देशभर में हो रहे प्रेरणादायी कार्यों को राष्ट्रीय मंच प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि पिछले कुछ महीनों में प्रधानमंत्री ने मल्हार की पुरातात्विक विरासत, बस्तर ओलंपिक, बस्तर पंडुम और अब कोरबा के जल संरक्षण मॉडल का उल्लेख कर छत्तीसगढ़ की उपलब्धियों को देशभर में नई पहचान दिलाई है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि कोरबा में भू-स्थानिक मैपिंग, शैलो एक्विफर मैनेजमेंट, रिचार्ज वेल और आधुनिक तकनीकों के माध्यम से जल संरक्षण एवं भूजल पुनर्भरण का कार्य किया जा रहा है, जिसकी प्रधानमंत्री ने विशेष प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि वर्षा की हर बूंद को सहेजने का संदेश आज की सबसे बड़ी आवश्यकता है और राज्य सरकार इसे जनभागीदारी का अभियान बनाने के लिए लगातार प्रयासरत है।
कार्यक्रम में प्रधानमंत्री मोदी ने कारगिल विजय दिवस पर वीर शहीदों को नमन करते हुए देशवासियों से राष्ट्रभक्ति की भावना को मजबूत करने का आह्वान किया। साथ ही ‘हर घर तिरंगा’ अभियान, ‘वोकल फॉर लोकल’, मिट्टी की गणेश प्रतिमाओं के उपयोग, पर्यावरण संरक्षण, ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान तथा खेल, विज्ञान और अंतरिक्ष क्षेत्र में भारतीय युवाओं की उपलब्धियों का भी उल्लेख किया।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ के युवाओं, कारीगरों और नवाचारों को राष्ट्रीय मंच पर मिल रही पहचान प्रदेश के लिए गर्व की बात है। उन्होंने प्रदेशवासियों से जल संरक्षण, पर्यावरण सुरक्षा और स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने के लिए सक्रिय सहभागिता का आह्वान किया।
इस अवसर पर विधायक पुरंदर मिश्रा, छत्तीसगढ़ राज्य युवा आयोग के अध्यक्ष विश्व विजय सिंह तोमर, राज्य गौ सेवा आयोग के उपाध्यक्ष राजीव लोचन महाराज सहित बड़ी संख्या में युवा, जनप्रतिनिधि एवं नागरिक उपस्थित रहे।


