July 26, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

 

 

त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**//** कोरबा। देशव्यापी जल संरक्षण अभियान ‘कैच द रेन’ के तहत कोरबा नगर निगम द्वारा किए गए नवाचारों और उत्कृष्ट कार्यों को उस समय बड़ी उपलब्धि मिली, जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ में कोरबा के प्रयासों की सराहना की। प्रधानमंत्री द्वारा राष्ट्रीय मंच से कोरबा का उल्लेख किए जाने के बाद नगर निगम, जनप्रतिनिधियों और शहरवासियों में हर्ष का माहौल है।
देशभर में वर्षा जल संरक्षण, भूजल संवर्धन और जल सुरक्षा को मजबूत करने के उद्देश्य से आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय (एमओएचयूए) तथा राष्ट्रीय शहरी मामलों के संस्थान (एनआईयूए) के सहयोग से अमृत योजना के अंतर्गत उथले जलभृत प्रबंधन (एसएएम) कार्यक्रम संचालित किया जा रहा है। इस कार्यक्रम में देश के 75 शहरों को शामिल किया गया है, जहां वैज्ञानिक तकनीकों के माध्यम से भूजल पुनर्भरण और जल संरक्षण के अभिनव कार्य किए जा रहे हैं।
कोरबा नगर निगम ने इस अभियान के अंतर्गत उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करते हुए बंद पड़े बोरवेलों को पुनर्जीवित करने और भूजल स्तर को बढ़ाने की दिशा में प्रभावी कदम उठाए हैं। निगम के सफल प्रयोगों के बाद अब 95 अन्य बंद पड़े बोरवेलों को भी पुनः चालू करने की कार्ययोजना पर तेजी से काम किया जा रहा है, जिससे आने वाले समय में शहर की जलापूर्ति व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ होगी।
एसएएम कार्यक्रम के तहत कोरबा में रिचार्ज शाफ्ट, इंजेक्शन वेल, चेक डैम, गैबियन वॉल, मॉड्यूलर रिचार्ज पिट और वर्षा जल संचयन संरचनाओं का प्रभावी उपयोग किया गया है। इन प्रयासों से न केवल भूजल स्तर में सुधार की संभावनाएं बढ़ी हैं, बल्कि जल संकट से निपटने की शहर की क्षमता भी मजबूत हुई है।
इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत ने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा कोरबा के कार्यों की सराहना पूरे शहर के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने इस सफलता का श्रेय कोरबा विधायक एवं प्रदेश के उद्योग, वाणिज्य एवं श्रम मंत्री श्री लखन लाल देवांगन के कुशल मार्गदर्शन तथा नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री एवं उपमुख्यमंत्री श्री अरुण साव के प्रभावी निर्देशन को दिया।
महापौर ने कहा कि नगर निगम के पार्षदों, अधिकारियों, कर्मचारियों तथा जागरूक नागरिकों के सामूहिक प्रयासों से ही कोरबा आज राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बना सका है। जल संरक्षण को जनआंदोलन का स्वरूप देने में आम जनता की भागीदारी सबसे महत्वपूर्ण रही है।
उन्होंने नगर निगम की पूरी टीम को बधाई देते हुए कहा कि कोरबा आने वाले समय में जल संरक्षण और भूजल संवर्धन के क्षेत्र में देश के लिए एक आदर्श मॉडल के रूप में उभरेगा। प्रधानमंत्री द्वारा की गई यह सराहना निगम के लिए सम्मान के साथ-साथ भविष्य में और बेहतर कार्य करने की प्रेरणा भी है।
प्रधानमंत्री की सराहना ने यह साबित कर दिया है कि जनभागीदारी, दूरदर्शी नेतृत्व और नवाचार के बल पर कोरबा जल संरक्षण की दिशा में देश के अग्रणी शहरों में अपनी मजबूत पहचान बना चुका है।

More Stories

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.