July 24, 2026

त्रिनेत्र टाईम्स

खबरें जरा हट के

 

नीट घोटाले पर कड़े कानून की तैयारी, युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वालों पर चलेगा सख्त डंडा
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष का तीखा हमला – छात्रों के नाम पर राजनीति करने वालों का असली चेहरा देश के सामने आया
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**//** रायपुर। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव ने नीट परीक्षा अनियमितता प्रकरण पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा उठाए गए निर्णायक कदमों और सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक के अनशन समाप्त करने के घटनाक्रम को विपक्ष के लिए करारा राजनीतिक झटका बताते हुए कहा है कि इससे कांग्रेस और इण्डी गठबंधन की पूरी राजनीति बेनकाब हो गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष का उद्देश्य कभी भी छात्रों को न्याय दिलाना नहीं था, बल्कि युवाओं की भावनाओं को भड़काकर देश में भ्रम, अविश्वास और अराजकता का माहौल तैयार करना था।
किरण देव ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने एक बार फिर यह साबित कर दिया है कि उनकी सरकार केवल बयान नहीं देती, बल्कि समस्याओं के समाधान के लिए ठोस और कठोर निर्णय लेने का साहस भी रखती है। नीट परीक्षा में हुई गड़बड़ियों को गंभीरता से लेते हुए केंद्र सरकार ने दोषियों पर शिकंजा कसने के लिए फास्ट ट्रैक न्यायिक प्रक्रिया, कड़े दंड प्रावधान, सख्त जमानत शर्तें और दोषी पाए जाने वाले संस्थानों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की दिशा में तेजी से काम शुरू किया है।
उन्होंने कहा कि युवाओं के भविष्य को सुरक्षित करने के लिए मोदी सरकार द्वारा उठाए गए कदमों के बाद सोनम वांगचुक ने भी सरकार की सकारात्मक पहल और संवेदनशीलता पर भरोसा जताते हुए अपना अनशन समाप्त किया। इससे स्पष्ट हो गया कि सरकार संवाद, समाधान और न्याय के रास्ते पर आगे बढ़ रही है, जबकि विपक्ष केवल आंदोलन की आड़ में राजनीतिक लाभ लेने की कोशिश कर रहा था।
‘छात्रों के कंधे पर राजनीति की बंदूक चला रही थी कांग्रेस’
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों ने छात्रों की पीड़ा को राजनीतिक हथियार बनाने का प्रयास किया। विपक्षी नेताओं ने युवाओं की चिंता के नाम पर देशभर में भ्रम फैलाने, सरकार के खिलाफ माहौल बनाने और व्यवस्था के प्रति अविश्वास पैदा करने का अभियान चलाया, लेकिन जैसे ही सरकार ने ठोस कार्रवाई की दिशा में कदम बढ़ाए, विपक्ष की पूरी पटकथा धराशायी हो गई।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस की राजनीति हमेशा अवसरवाद पर आधारित रही है। जब भी कोई संवेदनशील मुद्दा सामने आता है, कांग्रेस समाधान का हिस्सा बनने के बजाय उसे राजनीतिक संकट में बदलने का प्रयास करती है। लेकिन इस बार देश के युवाओं ने भी समझ लिया है कि कौन उनके भविष्य की रक्षा के लिए काम कर रहा है और कौन उनके नाम पर केवल राजनीतिक रोटियां सेंक रहा है।
‘मोदी सरकार युवाओं के भविष्य की सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध’
किरण देव ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता देश के युवाओं का भविष्य सुरक्षित करना है। परीक्षा प्रणाली की विश्वसनीयता बनाए रखने और प्रतिभाशाली छात्रों के अधिकारों की रक्षा के लिए सरकार हर आवश्यक कदम उठाने को तैयार है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि परीक्षा माफिया, पेपर लीक गिरोह और युवाओं के सपनों के सौदागरों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
उन्होंने कहा कि आज पूरा देश देख रहा है कि एक ओर मोदी सरकार युवाओं को न्याय दिलाने के लिए निर्णायक कार्रवाई कर रही है, वहीं दूसरी ओर कांग्रेस और इण्डी गठबंधन का एजेंडा केवल विरोध, भ्रम और राजनीतिक स्वार्थ तक सीमित है। देश के युवाओं ने अब यह तय कर लिया है कि उनके भविष्य के साथ खड़े होने वाली ताकत कौन है और उनके सपनों पर राजनीति करने वाले कौन हैं।
‘देश की जनता अब विपक्ष की मंशा समझ चुकी है’
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि सोनम वांगचुक द्वारा अनशन समाप्त किए जाने और केंद्र सरकार की सकारात्मक पहल के बाद यह स्पष्ट हो गया है कि संवाद और समाधान ही लोकतंत्र का सही मार्ग है। लेकिन विपक्ष ने इस पूरे मुद्दे को राजनीतिक रंग देकर देश में अस्थिरता का वातावरण बनाने की कोशिश की। अब उनकी रणनीति पूरी तरह विफल हो चुकी है।
उन्होंने कहा कि देश की जनता और युवा वर्ग अब जागरूक है। वे यह भली-भांति समझते हैं कि मोदी सरकार न्याय, पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ आगे बढ़ रही है, जबकि विपक्ष केवल भ्रम और विरोध की राजनीति में उलझा हुआ है। आने वाले समय में भी भाजपा सरकार युवाओं के अधिकारों की रक्षा और देश के भविष्य को सुरक्षित बनाने के लिए हर आवश्यक कदम उठाती रहेगी।

More Stories

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.