‘बदजुबानी की पाठशाला’ बना कांग्रेस का प्रशिक्षण शिविर, पवन खेड़ा से क्या सीखेंगे नेता? : भाजपा



शताब्दी पाण्डे का तीखा हमला— जनता को गुमराह करने की कवायद, कांग्रेस की ‘इवेंट मैनेजमेंट’ राजनीति अब नहीं चलेगी
त्रिनेत्र टाइम्स कोरबा **//**//* रायपुर। भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश प्रवक्ता शताब्दी पाण्डे ने अभनपुर में आयोजित कांग्रेस के जिला अध्यक्षों के प्रशिक्षण शिविर पर तीखा हमला बोलते हुए इसे “राजनीतिक नौटंकी” करार दिया। उन्होंने कांग्रेस नेता पवन खेड़ा की मौजूदगी पर सवाल उठाते हुए कहा कि क्या अब कांग्रेस अपने नेताओं को बदजुबानी, चरित्र हनन और झूठी राजनीति का प्रशिक्षण देने जा रही है?
शताब्दी पाण्डे ने कहा कि कांग्रेस का यह शिविर संगठन मजबूत करने का नहीं, बल्कि अपनी खिसकती राजनीतिक जमीन बचाने का असफल प्रयास है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस जनता के बीच सेवा नहीं, बल्कि केवल फोटो खिंचवाने और दिखावटी कार्यक्रम करने की राजनीति करती रही है। रात में गांवों में ठहरना और श्रमदान जैसे कार्यक्रम महज “इवेंट मैनेजमेंट” का हिस्सा हैं।
भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि कांग्रेस के बड़े नेता—भूपेश बघेल, दीपक बैज, चरणदास महंत, सचिन पायलट, टी.एस. सिंहदेव और अलका लाम्बा—भी पार्टी को संभाल नहीं पा रहे हैं। यही वजह है कि अब बाहरी नेताओं के सहारे संगठन को बचाने की कोशिश की जा रही है।
उन्होंने दावा किया कि छत्तीसगढ़ की जनता कांग्रेस की इस रणनीति को भली-भांति समझ चुकी है और आगामी समय में नकारात्मक तथा आरोप-प्रत्यारोप की राजनीति को पूरी तरह खारिज कर देगी। भाजपा ने कहा कि प्रदेश की जनता अब दिखावे की नहीं, बल्कि विकास और जवाबदेही की राजनीति चाहती है।


